हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 45 लाख से ज्यादा कांवड़ यात्री ले जा चुके गंगाजल

HIGHLIGHTS
- हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी
- डाक कांवड़ यात्रियों ने आकर्षक झांकियों से यात्रा मार्ग को सजाया
- प्रशासन ने कांवड़ मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार इन दिनों भगवान शिव की भक्ति में डूबी हुई है। शहर की सड़कों पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंज रहे हैं। हरकी पैड़ी समेत विभिन्न घाटों से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे श्रद्धालु पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं।
हर उम्र और वर्ग के कांवड़ यात्री हरकी पैड़ी से रंग-बिरंगी और आकर्षक कांवड़ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। डाक कांवड़ यात्रियों ने भी शानदार झांकियां तैयार की हैं। यात्रा मार्गों पर कई जगहों पर डीजे की धुन पर शिवभक्त नाचते-गाते दिखाई दे रहे हैं। इस बार कांवड़ यात्रा में अपने माता-पिता को हरिद्वार लाने और उन्हें कांवड़ मेले का दर्शन कराने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी देखने को मिल रही है।
आज कांवड़ यात्रा का चौथा दिन
कांवड़ यात्रा को शुरू हुए चार दिन पूरे हो चुके हैं। मेला कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को कांवड़ मेले के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न राज्यों से गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचे। हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटने वाले शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को 20 लाख से अधिक कांवड़ यात्री गंगा जल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हुए।
रविवार सुबह से ही शांतिकुंज से लेकर बहादराबाद तक हाईवे पर कांवड़ झांकियां नजर आ रही हैं। कई झांकियां यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ रही हैं। शिवभक्तों ने अलग-अलग थीम पर कांवड़ सजाई हैं। वहीं, कांवड़ पटरी मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। हरकी पैड़ी सहित अन्य घाटों पर कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद अब तक 45 लाख 35 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब समेत कई राज्यों के लिए रवाना हो चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने का दावा किया है।
प्रशासन के अनुसार, प्रमुख स्नान घाटों, हरकी पैड़ी, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपदा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही इस्तेमाल करें और प्रशासन व पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करने की अपील की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.