IIT दिल्ली का दीक्षांत समारोह: मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए PM

HIGHLIGHTS
- इस साल 587 पीएचडी, 567 एमटेक और 1049 बीटेक छात्रों को डिग्री दी जाएगी।
- सोनीपत परिसर में एआई आधारित सुपरकंप्यूटिंग सुविधा परम प्रज्ञा का उद्घाटन होगा।
- IIT दिल्ली ने पिछले एक साल में 196 नए पेटेंट दाखिल किए और 26 नए स्टार्टअप स्थापित किए।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली का 57वां दीक्षांत समारोह शनिवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान जेन जी से लेकर 74 वर्ष की उम्र के शोधार्थी समेत कुल 3036 छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में मेधावी छात्रों को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक समेत अन्य प्रतिष्ठित पदक भी प्रदान करेंगे। इसके अलावा वह IIT दिल्ली के सोनीपत परिसर में स्थापित एआई आधारित उच्च प्रदर्शन वाली सुपरकंप्यूटिंग सुविधा परम प्रज्ञा का उद्घाटन भी करेंगे।
IIT दिल्ली के निदेशक रंगन बनर्जी के अनुसार, इस वर्ष संस्थान के 3036 छात्रों को डिग्री प्रदान की गई। इनमें 587 पीएचडी, 567 एमटेक और 1049 बीटेक छात्र शामिल हैं।
संस्थान ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान करीब 600 करोड़ रुपये की प्रायोजित अनुसंधान परियोजनाओं पर काम किया। पिछले एक साल में IIT दिल्ली की ओर से 196 नए पेटेंट दाखिल किए गए और 26 नए स्टार्टअप स्थापित हुए।
IIT दिल्ली ने देश के 18 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के साथ शैक्षणिक और शोध सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन भी किए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी संस्थान की गतिविधियां बढ़ी हैं और 30 देशों के साथ 88 सक्रिय समझौते हैं।
प्रशासनिक और छात्र कल्याण से जुड़ी पहल
IIT दिल्ली ने छात्रों के कल्याण के लिए कई नई पहल शुरू की हैं। प्लेसमेंट में चयनित पूर्व छात्रों को अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का मेंटर बनाया गया है।
छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता देने के लिए 'कॉल फॉर अ फ्रेंड' कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। संस्थान के उप निदेशक अरविंद नेमा ने बताया कि पिछले वर्ष अक्टूबर से IIT दिल्ली के सभी प्रशासनिक कार्य पेपरलेस कर दिए गए हैं।
परिसर विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था
IIT दिल्ली के सोनीपत और अबू धाबी परिसरों में भी विस्तार किया गया है। झज्जर स्थित परिसर के लिए मिली जमीन को मिट्टी की गुणवत्ता के कारण वापस लौटाया जा रहा है।
आरकेपुरम में संकाय सदस्यों और छात्रों के लिए आवास की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, दीक्षांत समारोह को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.