PM मोदी का फेसबुक वीडियो हटने के विवाद के बाद Meta ने बदले VIP अकाउंट्स के नियम

HIGHLIGHTS
- PM मोदी के फेसबुक वीडियो हटने के विवाद के बाद Meta ने VIP अकाउंट्स के लिए नए सुरक्षा नियम लागू किए।
- Meta ने सरकार को पत्र भेजकर गलती पर खेद जताया, जल्द ही वैश्विक अधिकारियों के साथ बैठक होगी।
- हैदराबाद पुलिस ने मॉर्फ्ड कंटेंट मामले में कुछ अकाउंट ऑपरेटरों और Meta इंडिया हेड के खिलाफ केस दर्ज किया।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेसबुक वीडियो को अस्थायी रूप से हटाए जाने के विवाद के बाद Meta ने VIP अकाउंट्स के लिए नए सुरक्षा नियम (प्रोटोकॉल) लागू कर दिए हैं। आईटी सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि Meta ने इस मामले में सरकार को पत्र भेजकर हुई चूक पर खेद जताया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सचिव एस. कृष्णन के अनुसार, 28 जुलाई के बाद अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। सरकार फिलहाल कंपनी की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण की समीक्षा कर रही है।
10 दिनों के भीतर होगी उच्चस्तरीय बैठक
मामले के तकनीकी और नीतिगत पहलुओं पर चर्चा के लिए अगले 7 से 10 दिनों के भीतर Meta के वैश्विक अधिकारियों और भारत सरकार के बीच एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में तकनीकी पहलुओं, नीतिगत मुद्दों और सरकार द्वारा उठाए गए सवालों पर Meta के जवाब पर चर्चा की जाएगी।
कृष्णन ने कहा, "Meta ने सरकार को पत्र लिखकर इस घटना पर खेद व्यक्त किया है और वीडियो हटाए जाने के कारणों को स्पष्ट किया है। हम अगले 7-10 दिनों में उनके वैश्विक अधिकारियों से मिलेंगे।"
Meta ने बताई ऑटोमेटेड गड़बड़ी की वजह
प्रधानमंत्री मोदी की फेसबुक पोस्ट गलती से हटाए जाने के मामले में Meta ने माफी मांगते हुए इसे ऑटोमेटेड गड़बड़ी बताया था। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं है और उसने Meta के वरिष्ठ वैश्विक अधिकारियों को चर्चा के लिए बुलाया है।
इस विवाद के बीच सरकार मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर यूजरनेम व्यवस्था शुरू करने के प्रस्तावों पर भी विचार कर रही है।
हैदराबाद पुलिस ने Meta इंडिया हेड के खिलाफ दर्ज किया मामला
हैदराबाद पुलिस ने CJP आंदोलन से जुड़े मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने वाले मॉर्फ्ड कंटेंट को लेकर कुछ फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट संचालकों के साथ Meta के इंडिया हेड के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.