रुद्रप्रयाग में भारी बारिश से हालात खराब, केदारनाथ हाईवे पर मलबा आने से रास्ता बंद

HIGHLIGHTS
- तिलवाड़ा के पास गीड गधेरा उफान पर आने से हाईवे प्रभावित
- मलबा आने के कारण केदारनाथ हाईवे पर आवाजाही रुकी
- सोनप्रयाग पार्किंग के कई हिस्सों में बारिश का पानी जमा हुआ
रुद्रप्रयाग। भारी बारिश के चलते रुद्रप्रयाग जिले में जनजीवन प्रभावित हो गया है। केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास गीड गधेरा उफान पर आने से हाईवे पर मलबा जमा हो गया, जिसके कारण मार्ग बंद हो गया है।
सोनप्रयाग की बहुमंजिला पार्किंग में भरा पानी
गौरीकुंड। केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग स्थित बहुमंजिला पार्किंग खराब व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में है। हर साल करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाली इस पार्किंग में बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई जगह जलभराव हो गया है। इससे वाहन खड़े करने और यात्रियों की आवाजाही में परेशानी हो रही है।
केदारनाथ यात्रा के दौरान रोजाना हजारों वाहन सोनप्रयाग की इसी बहुमंजिला पार्किंग में खड़े किए जाते हैं। लेकिन बारिश के बाद पार्किंग के कई हिस्सों में पानी भर जाता है। कई वाहन लंबे समय तक पानी में खड़े रहने को मजबूर हैं, वहीं श्रद्धालुओं को भी सामान लेकर कीचड़ और जलभराव के बीच गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग से हर साल करोड़ों रुपये की आय होती है, इसके बावजूद बरसाती पानी की निकासी जैसी जरूरी सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
जीप टैक्सी यूनियन सोनप्रयाग के अध्यक्ष अंकित गैरोला ने बताया कि पार्किंग क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल जलभराव की समस्या सामने आती है। इससे परिसर में कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे वाहनों को खड़ा करने और यात्रियों को सामान ले जाने में परेशानी होती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पार्किंग में बरसाती पानी की निकासी के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.