बुर्के में कांवड़ लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचीं तमन्ना मलिक, शिव चौक पर हुआ स्वागत

HIGHLIGHTS
- तमन्ना मलिक अपनी मुस्लिम साथी अनीशा के साथ हरिद्वार से जल लेकर पहुंचीं।
- शिव चौक पर बजरंगी सेना के अध्यक्ष सुमित बजरंगी ने उनका स्वागत किया।
- तमन्ना मलिक ने कहा कि वह हर साल कांवड़ यात्रा करती हैं।
बुर्के में कांवड़ लेकर आने को लेकर चर्चा में रहीं तमन्ना मलिक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे शिव चौक पहुंचीं। वह अपनी मुस्लिम साथी अनीशा के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर मुजफ्फरनगर आई हैं।
जनपद पहुंचने पर बजरंगी सेना के अध्यक्ष सुमित बजरंगी ने तमन्ना मलिक का स्वागत किया। वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ उनकी सुरक्षा में साथ चल रहे हैं।
हाल ही में मौलाना रशीदी की ओर से कांवड़ यात्रियों को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद तमन्ना मलिक ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी।
हर साल जल लाने की बात कही
तमन्ना मलिक ने बताया कि वह हर साल जल लेकर आती हैं। उन्होंने कहा कि वह बुर्के में कांवड़ ला रही हैं, इससे किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह किसी से नहीं डरती हैं।
उन्होंने कट्टरपंथी और जिहादी मौलानाओं को लेकर भी अपनी बात रखी। तमन्ना मलिक ने कहा कि महादेव के भक्तों को आतंकवादी नहीं कहा जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने देश में आतंकवाद फैलाया है और उन्हें फंडिंग मिलती है।
सनातन धर्म को लेकर कही बात
तमन्ना मलिक ने कहा कि उन्हें अब काफी अच्छी आजादी महसूस होती है और सनातन धर्म अच्छा धर्म है। उन्होंने मुस्लिम महिलाओं से सनातन धर्म अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इसमें खुलकर जीवन जीने की आजादी मिलती है।
उन्होंने बताया कि उन्हें अभी तक किसी तरह का खतरा नहीं है और पुलिस प्रशासन उनके साथ है।
पति ने मौलाना रशीदी पर कार्रवाई की मांग की
तमन्ना मलिक के पति अमन त्यागी ने मौलाना रशीदी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों को लेकर बयान देने वाले मौलाना रशीदी को 11 तारीख से पहले गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
अमन त्यागी ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें धरने पर बैठना पड़ सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.