ओडिशा में मूसलधार बारिश का कहर, नदियां उफान पर, 10 जिलों में स्कूल बंद

HIGHLIGHTS
- ओडिशा में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
- नदियों का जलस्तर बढ़ा, सड़क संपर्क प्रभावित और स्कूल बंद किए गए।
- प्रशासन अलर्ट, राहत-बचाव दल तैनात और लोगों से सतर्क रहने की अपील।
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण ओडिशा के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है।
उत्तर और पश्चिम ओडिशा के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और कई इलाकों में सड़क संपर्क भी बाधित हुआ है। इसी बीच एक दर्दनाक हादसे में दीवार गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर और भद्रक जिलों में अति भारी वर्षा हुई है। इसके अलावा सुंदरगढ़, संबलपुर और सुवर्णपुर जिलों में भी तेज बारिश जारी है। राज्य के आंतरिक हिस्सों में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश होने के कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है।
भारी बारिश के कारण महानदी, बैतरणी, बुढ़ाबलंग और सालंदी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कई जगहों पर पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है।
भद्रक जिले के कुआंश गांव में देर रात सालंदी नदी का पानी घुसने से लोगों में डर का माहौल बन गया। वहीं धामनगर और जाजपुर के बीच सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
राज्य के 10 जिलों में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मयूरभंज, बालेश्वर, भद्रक और संबलपुर समेत कई जिलों में शैक्षणिक गतिविधियां रोक दी गई हैं। राज्य सरकार और जिला प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। राहत और बचाव दलों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.