कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण और हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कोयंबटूर। तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के सुलूर क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शनिवार तड़के एक 33 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची गुरुवार शाम अपने घर के पास स्थित एक किराने की दुकान पर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से उसे बहला-फुसलाकर दोपहिया वाहन पर बैठाया और वहां से अपहरण कर लिया। इसके बाद बच्ची की हत्या कर दी गई। शुक्रवार को उसका शव कन्नमपालयम के पास एक झील के किनारे बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
आरोपी की पहचान नागपट्टिनम निवासी 33 वर्षीय कार्तिक के रूप में हुई है, जो फिलहाल कोयंबटूर के सुलूर के पास पल्लापलायम इलाके में रह रहा था। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में उसकी मदद करने के आरोप में उसके एक सहयोगी मोहनराज को भी हिरासत में लिया है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बच्ची का शव मिलने की खबर के बाद परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग सुलूर रोड पर जुट गए और शुक्रवार रात से शनिवार तड़के तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस महानिरीक्षक आर. वी. रम्या भारती ने घटनास्थल का दौरा कर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें शांत रहने की अपील की।
इसके अलावा टीवीके विधायक एन. एम. सुकुमार भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.