जयपुर में ‘ऑनर रन मैराथन’ का भव्य आयोजन, सीएम ने शहीदों को किया नमन

जयपुर। रविवार सुबह राजधानी जयपुर में सेना की दक्षिण-पश्चिम कमान द्वारा आयोजित ‘ऑनर रन मैराथन’ का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। अल्बर्ट हॉल से मैराथन को फ्लैग ऑफ करते हुए सीएम ने कहा कि यह आयोजन देश के शहीद और वीर सैनिकों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेना की बहादुरी, अनुशासन और बलिदान से ही देश सुरक्षित है और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखे।
महा सुरक्षा के बीच आयोजन
फ्लैग ऑफ समारोह में दक्षिण-पश्चिम कमान के जनरल ऑफ़िसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह और पूर्व नौसेना अध्यक्ष एडमिरल माधवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। अल्बर्ट हॉल परिसर और आसपास का इलाका पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो गया था, जहाँ सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में सैनिक, आयोजन स्टाफ और धावक मुस्तैद रहे।
तीन श्रेणियों में हुई दौड़
मैराथन 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में आयोजित की गई। सुबह 6 बजे हाफ मैराथन (21 किमी) शुरू हुई, जिसमें भारतीय सेना के धावक धर्मेंद्र पूनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 घंटे 3 मिनट 10 सेकेंड में पहला स्थान हासिल किया। धर्मेंद्र वर्तमान में भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं और पुणे के आर्मी इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
10 किलोमीटर दौड़ में बनारस की नीता पटेल ने 33 मिनट 11 सेकेंड में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। 5 किलोमीटर श्रेणी में युवा, फिटनेस उत्साही और पूर्व सैनिकों का उत्साह देखने लायक था।
ट्रैफिक व्यवस्था और नागरिक सहयोग
आयोजन के दौरान जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया। सिंधी कैंप से चलने वाली बसों और दिल्ली-आगरा रूट पर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। आम नागरिकों से भी समानांतर मार्ग अपनाने की अपील की गई।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान हमेशा वीरों की धरती रही है और ऐसे आयोजन समाज में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को इस राष्ट्रभक्ति से जुड़ी पहल के लिए सराहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.