परिसीमन बिल को अकाली दल का समर्थन, PM मोदी से मुलाकात के बाद सुखबीर बादल का एलान

HIGHLIGHTS
- पार्टी ने महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की।
- अकाली दल ने महिलाओं की समानता और अधिकारों पर जोर दिया।
- SGPC में महिला आरक्षण का प्रावधान पहले से लागू होने का उल्लेख किया गया।
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए दी।
सुखबीर बादल ने कहा कि उनकी पार्टी ने भारत सरकार की ओर से सदन में सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि के प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन को तत्काल लागू करने पर भी जोर दिया।
शिरोमणि अकाली दल ने शनिवार को चंडीगढ़ में वरिष्ठ नेताओं की बैठक के दौरान देश में महिला आरक्षण विधेयक को जल्द लागू करने की मांग रखी। पार्टी ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेता है, जिन्होंने महिलाओं की गरिमा, समानता और समान अधिकारों का समर्थन किया।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (SGPC Amritsar) की ओर से अपने सदन में महिला आरक्षण का प्रावधान पहले ही किया जा चुका है।
संसद के सामने मौजूद प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के बाद शिरोमणि अकाली दल ने निष्पक्ष और समान परिसीमन की मांग भी की। पार्टी ने कहा कि परिसीमन ऐसा होना चाहिए, जिससे सभी राज्यों को समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो।
पीएम मोदी से मिले सुखबीर बादल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। संसद के मानसून सत्र के दौरान हुई इस बैठक के बाद पंजाब की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में अटकलें बढ़ गई हैं। हालांकि, दोनों दलों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुखबीर बादल के बीच पंजाब के विकास, कानून-व्यवस्था, कृषि, किसानों से जुड़े मुद्दों और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई। हालांकि, बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसके बावजूद इस मुलाकात को पंजाब की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.