अनुच्छेद 370 हटने की 7वीं वर्षगांठ आज, जम्मू-कश्मीर में बिना अनुमति प्रदर्शन पर रोक

HIGHLIGHTS
- 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए हटाया गया था।
- नेकां, कांग्रेस और पीडीपी अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन करेंगी, जबकि भाजपा कार्यक्रम आयोजित करेगी।
- पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।
नई दिल्ली। अनुच्छेद 370 हटाए जाने की सातवीं वर्षगांठ के मौके पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को एडवाइजरी जारी की है। इसमें बिना अनुमति किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन, रैली या जुलूस निकालने पर रोक लगाई गई है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
अलग-अलग जिला पुलिस मुख्यालयों की ओर से जारी इस एडवाइजरी को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की ओर से विरोध प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए जारी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि सक्षम अधिकारी से पहले अनुमति लिए बिना कोई भी प्रदर्शन, रैली, जुलूस या सार्वजनिक सभा आयोजित नहीं की जाएगी।
पुलिस ने चेतावनी दी कि तय कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कानून लागू करने वाली एजेंसियों का सहयोग करें, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखें, बिना पुष्टि वाली जानकारी या अफवाहें न फैलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
कांग्रेस, नेकां और पीडीपी मनाएंगी काला दिवस, भाजपा करेगी कार्यक्रम
5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाया गया था। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश घोषित किया गया था।
इस फैसले को भाजपा और अन्य दलों ने बदलते भारत की दिशा में अहम कदम बताया था, जबकि कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने इसे जम्मू-कश्मीर के अधिकारों पर हमला बताया था।
अनुच्छेद 370 हटने के बाद सातवीं वर्षगांठ पर भाजपा इसे जश्न के रूप में मनाएगी। पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में मिठाई बांटने और फैसले के लाभों की जानकारी देने का कार्यक्रम रखा गया है।
वहीं, कांग्रेस, नेकां और पीडीपी इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाएंगी। तीनों दल जिला कार्यालयों पर प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ाई गई है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे समेत कई स्थानों पर गश्त की जा रही है।
नेकां राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर करेगी प्रदर्शन
नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर काला दिवस मनाएगी। पार्टी केंद्र सरकार पर राज्य का दर्जा बहाल करने के वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगा रही है।
नेकां के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने कहा कि भाजपा पहले जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा कम करने को अस्थायी कदम बताती रही, लेकिन अब तक इसे बहाल नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के अलावा दिल्ली में भी बुधवार को पूर्ण राज्य के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में विपक्षी दलों के शामिल होने की बात कही गई है। पार्टी प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
पीडीपी सभी जिलों में करेगी प्रदर्शन
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी बुधवार को जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
पीडीपी की मुख्य मांगों में अनुच्छेद 370 की बहाली और राजनीतिक बंदियों की रिहाई शामिल है। पार्टी की ओर से जारी निर्देश में सभी पदाधिकारियों से प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी करने और केवल अधिकृत पोस्टरों के इस्तेमाल को कहा गया है।
जम्मू के गांधीनगर स्थित पार्टी कार्यालय में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कांग्रेस प्रदेश और जिला कार्यालयों पर करेगी प्रदर्शन
कांग्रेस भी अनुच्छेद 370 हटाने के विरोध और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी।
श्रीनगर और जम्मू स्थित प्रदेश कार्यालयों पर प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रमन भल्ला प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। इसके अलावा सभी 20 जिलों में पार्टी कार्यालयों पर जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी काला दिवस मनाएंगे।
भाजपा कार्यालय को सजाया गया, बांटी जाएगी मिठाई
अनुच्छेद 370 हटने के सात वर्ष पूरे होने पर भाजपा बुधवार को प्रदेशभर में मिष्ठान्न वितरण कार्यक्रम आयोजित करेगी। जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ताहिर चौधरी ने बताया कि जम्मू में दोपहर ढाई बजे कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि श्रीनगर में होने वाले कार्यक्रम में महामंत्री (संगठन) अशोक कौल शामिल होंगे।
इससे पहले भाजपा प्रवक्ता पूर्णिमा शर्मा और रजनी सेठी ने पत्रकार वार्ता कर अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले को ऐतिहासिक निर्णय बताया था। उन्होंने कहा था कि इस फैसले से जम्मू-कश्मीर में समानता, न्याय और भारत के साथ पूर्ण एकीकरण को बढ़ावा मिला।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.