एशिया कप हैंडशेक विवाद पर बीसीसीआई का बयान: नियम नहीं, सिर्फ परंपरा

एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हुए ‘हैंडशेक विवाद’ पर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से प्रतिक्रिया आई है। भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था, जिसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने विपक्षी टीम से हाथ नहीं मिलाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से अभिवादन करने से परहेज़ किया। इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने नाराजगी जताते हुए एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।
“हाथ मिलाना नियम नहीं, परंपरा भर”
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हाथ मिलाना केवल खेल भावना दिखाने की एक परंपरा है, इसे लेकर कोई लिखित नियम नहीं है। अधिकारी ने कहा, “अगर आप क्रिकेट के नियमों को देखें तो हाथ मिलाने का कहीं उल्लेख नहीं है। यह सिर्फ गुडविल जेस्चर है।”
उन्होंने आगे कहा कि जब इस विषय पर कोई नियम ही मौजूद नहीं है तो खिलाड़ियों पर विपक्षी टीम से हाथ मिलाने की कोई बाध्यता भी नहीं है, खासकर तब जब दोनों देशों के संबंध तनावपूर्ण हों।
विवाद गहराया, PCB की कड़ी आपत्ति
भारतीय खिलाड़ियों का यह कदम पाकिस्तान में बड़ा मुद्दा बन गया है। पीसीबी ने तो यहां तक कहा कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने नियमों का पालन नहीं कराया, इसलिए उन्हें हटाया जाना चाहिए। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने टीम के इस रुख का समर्थन करते हुए जीत को भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया और पहलगाम हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाई।
आगे भी कायम रह सकता है यही रुख
सूत्रों के अनुसार, भारत यदि 28 सितंबर को फाइनल तक पहुंचता है तो खिलाड़ी एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे। बताया जा रहा है कि हाथ न मिलाने का फैसला नीतिगत है और अगर सुपर-4 में भारत-पाक फिर आमने-सामने होते हैं तो यह रुख दोहराया जाएगा।
पीसीबी ने मांगी कड़ी कार्रवाई
दूसरी ओर, पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने ‘X’ पर लिखा कि उन्होंने आईसीसी से मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को तुरंत हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यह घटना न केवल आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट बल्कि एमसीसी के नियमों का भी उल्लंघन है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.