देहरादून से उड़ान भरते ही इंडिगो विमान से टकराया पक्षी, सुरक्षित लौटे 170 यात्री

देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से मंगलवार शाम बेंगलुरु के लिए रवाना हुई इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान पक्षी टकराने (बर्ड हिट) की घटना के बाद सुरक्षित वापस लौटा दी गई। विमान में लगभग 170 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:05 बजे इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6136 ने बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के इंजन से तेज आवाज आने लगी, जिसके बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए विमान को कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। करीब एक घंटे की निगरानी और जांच के बाद विमान को सुरक्षित रूप से देहरादून एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
घटना के बाद एहतियातन अन्य उड़ानों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ा। इंडिगो की शाम 5:55 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली उड़ान को दिल्ली ही डायवर्ट कर दिया गया, जबकि मुंबई से आने वाली इंडिगो फ्लाइट, जिसे 6:20 बजे पहुंचना था, उसे भी दिल्ली मोड़ दिया गया।
फिलहाल बर्ड हिट हुई इंडिगो फ्लाइट देहरादून एयरपोर्ट पर जांच के लिए खड़ी है, जबकि अन्य शहरों के लिए उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.