जॉली एलएलबी 3 पर रोक से इंकार, बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

बॉम्बे हाईकोर्ट ने अभिनेता अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म जॉली एलएलबी 3 के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया था कि फिल्म में जजों और वकीलों को हास्यपूर्ण और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है, जिससे न्यायिक प्रणाली की गरिमा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक या इसमें बदलाव की मांग की थी।
क्या थे आरोप?
‘एसोसिएशन फॉर एडिंग जस्टिस’ की ओर से दायर याचिका में कहा गया था कि फिल्म का गाना भाई वकील है पूरे वकालत पेशे का मजाक उड़ाता है। इसके अलावा, फिल्म के कुछ हिस्सों में जजों को ‘मामू’ कहकर संबोधित किया गया है, जिसे न्यायपालिका की मर्यादा के खिलाफ बताया गया।
कोर्ट ने क्या कहा?
मुख्य न्यायाधीश श्री चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति गौतम अंकल की खंडपीठ ने सुनवाई में कहा कि ऐसे संदर्भों से न्यायपालिका को कोई नुकसान नहीं होता। अदालत ने मुस्कराते हुए कहा—“हम शुरुआत से ही मजाक का सामना कर रहे हैं, हमारी चिंता मत कीजिए।” इसके साथ ही अदालत ने याचिका खारिज कर दी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी खारिज हुई थी याचिका
फिल्म निर्माताओं ने अदालत को बताया कि इसी तरह की याचिका पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी दायर की गई थी, लेकिन वहां भी उसे खारिज कर दिया गया था।
रिलीज की तैयारी पूरी
निर्देशक सुभाष कपूर की इस फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी एक बार फिर कोर्टरूम ड्रामा में कॉमेडी और व्यंग्य का पुट लेकर लौट रहे हैं। जॉली एलएलबी सीरीज की पिछली फिल्मों को दर्शकों ने काफी सराहा था और अब तीसरे भाग को लेकर भी उत्साह है। यह फिल्म 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.