कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट सस्पेंड, इंस्टाग्राम पर तेजी से बढ़े फॉलोअर्स

नई दिल्ली। व्यंग्य पर आधारित राजनीतिक संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। यह कदम उस समय उठाया गया जब कुछ ही दिनों के भीतर इस पेज ने सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रियता हासिल कर ली थी। वहीं दूसरी ओर, इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या 1.3 करोड़ से अधिक पहुंच गई है, जिससे यह कई प्रमुख राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ता नजर आया।
इस संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए अकाउंट ब्लॉक होने की पुष्टि की। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा, “जैसा कि अनुमान था, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है।” फिलहाल एक्स पर जब @CJP_2029 हैंडल को खोजा जाता है तो “Account Withheld” का संदेश दिखाई देता है। नोटिस के अनुसार, यह कार्रवाई किसी कानूनी अनुरोध के तहत केवल भारत में लागू की गई है।
इंस्टाग्राम पर इस पेज की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता भी चर्चा में रही। बताया जा रहा है कि मात्र चार दिनों में इसके फॉलोअर्स 1.35 करोड़ से ज्यादा हो गए, जो कई स्थापित राजनीतिक दलों के आधिकारिक खातों से अधिक हैं। तुलना के तौर पर, भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 88 लाख फॉलोअर्स हैं।
इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि में एक अदालत की सुनवाई के दौरान की गई कथित टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर फैली चर्चाओं को बताया जा रहा है। इसी संदर्भ में अभिजीत दिपके ने व्यंग्यात्मक रूप से इस संगठन की शुरुआत की, जो खुद को बेरोजगार और असंतुष्ट युवाओं की आवाज के रूप में प्रस्तुत करता है। लॉन्च के कुछ ही घंटों में इस डिजिटल मंच पर हजारों लोगों ने जुड़ाव दिखाया और यह तेजी से ऑनलाइन चर्चा का विषय बन गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.