कुरुक्षेत्र में बारिश बनी काल, मकान का लेंटर गिरने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

HIGHLIGHTS
- हरियाणा के कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच मकान का लेंटर गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई।
- मंगलवार सुबह बेटा चाय लेकर कमरे में पहुंचा तो माता-पिता मलबे के नीचे दबे मिले।
- ग्रामीणों ने हथौड़े और कटर की मदद से करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू चलाया, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी।
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा कस्बे के गांव बडोंदी में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत के पास बने कमरे का लेंटर गिरने से पति-पत्नी की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब उनका बेटा चाय लेकर कमरे में पहुंचा। उसने देखा कि पूरा लेंटर ढह चुका है और उसके माता-पिता उसके नीचे दबे हुए हैं।
सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे तक चले राहत कार्य के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लगातार बारिश के कारण खेत की ओर बनी पिछली दीवार धंस गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय करनैल सिंह और उनकी 45 वर्षीय पत्नी जसविंद्र कौर के रूप में हुई है। दोनों ठेके पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनके तीन बच्चे हैं।
बेटे ने देखा मंजर, मच गया हड़कंप
ग्रामीण देवेंद्र सिंह के अनुसार करनैल सिंह और जसविंद्र कौर खेत के पास बने बाड़े में सोते थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनका बेटा रोज की तरह चाय लेकर कमरे में पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसने देखा कि कमरे का लेंटर गिर चुका है और दोनों मलबे के नीचे दबे हुए हैं। बेटे की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
हथौड़े और कटर से चलाया गया रेस्क्यू
ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। हथौड़े और कटर की मदद से कंक्रीट का लेंटर काटकर हटाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए दोनों के शव अस्पताल भेजे गए।
दीवार धंसने से गिरा पूरा लेंटर
जानकारी के अनुसार जिस कमरे में दंपति सो रहा था, उसकी पिछली दीवार खेत की ओर थी। लगातार बारिश के चलते मिट्टी कमजोर हो गई और दीवार धंस गई। दीवार गिरने के साथ ही उसके ऊपर टिका करीब 15×15 फुट का लेंटर भी भरभराकर नीचे आ गिरा, जिससे यह हादसा हुआ।
ठेके पर खेती कर चलता था परिवार
करनैल सिंह और जसविंद्र कौर ठेके पर खेती कर अपने परिवार का गुजारा करते थे। परिवार आर्थिक रूप से साधारण था। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। माता-पिता की एक साथ मौत से तीनों बच्चों के सिर से उनका साया उठ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पहले परिवार की एक बेटी की बाजू घास काटने वाली मशीन की चपेट में आने से कट गई थी। उस घटना के सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब यह हादसा हो गया।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में लगातार बारिश के कारण दीवार धंसने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.