देवास में तिरंगा यात्रा के दौरान मधुमक्खियों का हमला, एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल
By Hitesh — August 14, 2026

HIGHLIGHTS
- विजयागंज मंडी से शुरू हुई थी भाजपा ग्रामीण मंडल की तिरंगा यात्रा।
- रालामंडल के पास पेड़ों पर मौजूद मधुमक्खियां अचानक भड़क गईं।
- हमले से बचने के लिए कई कार्यकर्ता सोयाबीन के खेतों में भागे।
Author: — Dainik Dehat
देवास। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल की ओर से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। डीजे की तेज आवाज और कंपन से पेड़ों पर मौजूद हजारों मधुमक्खियां भड़क उठीं और यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग सड़क से खेतों की तरफ दौड़ते नजर आए और इस दौरान कीचड़ में गिरते-पड़ते भी दिखे। मधुमक्खियों के डंक से एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
घायलों में कुछ लोगों को उपचार के लिए देवास जिला अस्पताल लाया गया, जहां एक घायल की हालत थोड़ी गंभीर बताई जा रही है। वहीं, कई घायलों का इलाज विजयागंज मंडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए उज्जैन रेफर किया गया है।
रालामंडल के पास मधुमक्खियों ने किया हमला
वरिष्ठ भाजपा नेता भारत सिंह पटलावदा के अनुसार, तिरंगा यात्रा की शुरुआत विजयागंज मंडी से हुई थी। यात्रा को कई गांवों से होते हुए रालामंडल के रास्ते निष्कलंकेश्वर मंदिर पहुंचकर समाप्त होना था। रालामंडल से मंदिर की ओर जाते समय रास्ते में पेड़ों के पास डीजे की तेज आवाज के कारण मधुमक्खियां भड़क गईं। इसके बाद उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया।
संकरी सड़क के कारण भागने में हुई परेशानी
बताया गया कि सड़क संकरी और सिंगल होने की वजह से लोगों को बचने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई। मधुमक्खियों से बचने के लिए कई कार्यकर्ता सोयाबीन के खेतों में घुस गए। इस दौरान कई लोग कीचड़ में गिर गए, लेकिन हमले से बचने के लिए लगातार भागते रहे।
अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता
मधुमक्खियों के हमले में विजेंद्र सिंह पटलावदा, रिंकू समेत एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, भाजपा नेता जुगनू गोस्वामी और हितेंद्र सिंह बना समेत अन्य नेता जिला अस्पताल पहुंचे।
नेताओं ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती घायलों से मुलाकात की और घटना की जानकारी लेने के साथ उनके स्वास्थ्य की स्थिति भी जानी। हादसे के बाद तिरंगा यात्रा कुछ समय के लिए प्रभावित हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.