भारत ने 6 विकेट से जीता वार्म-अप मैच, पडिक्कल के शतक और गेंदबाजों के दम पर श्रीलंका चारों खाने चित

HIGHLIGHTS
- भारत ने कोलंबो में खेले गए तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया।
- श्रीलंका इलेवन ने दूसरी पारी 6 विकेट पर 200 रन बनाकर घोषित की, जिससे भारत को 207 रन का लक्ष्य मिला।
- भारत ने लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया।
- देवदत्त पडिक्कल ने भारत की पहली पारी में 142 रन की नाबाद पारी खेली।
भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेला गया तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच खत्म हो गया है। भारतीय टीम ने यह मुकाबला छह विकेट से अपने नाम किया। श्रीलंका ने 200 रन पर अपनी पारी घोषित की थी, जिसके बाद भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य था। भारतीय टीम ने लक्ष्य हासिल करते हुए मैच जीत लिया।
शुभमन की अंगुली में लगी थी चोट
वॉर्म-अप मैच से पहले शुभमन गिल की अंगुली में चोट लगी थी। इसी वजह से वह शुरुआती दो दिनों में मैदान पर नहीं उतरे थे। मुकाबले के तय कार्यक्रम के मुताबिक एक दिन श्रीलंका को बल्लेबाजी करनी थी और एक दिन भारत को। तीसरे दिन दोनों टीमों को 45-45 ओवर खेलने थे।
गिल के मैदान पर उतरने से फैंस ने ली राहत की सांस
श्रीलंका इलेवन ने पहली पारी में आठ विकेट के नुकसान पर 363 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके जवाब में भारत ने छह विकेट पर 357 रन बनाए और अपनी पारी घोषित कर दी।
तीसरे दिन श्रीलंका इलेवन ने 45 ओवर में छह विकेट पर 200 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर उसे छह रन की बढ़त मिली और कुल बढ़त 206 रन की हो गई। इस तरह भारत के सामने जीत के लिए 207 रन का लक्ष्य था।
शुभमन गिल के मैच खेलने को लेकर संशय बना हुआ था, लेकिन जब वह बल्लेबाजी के लिए उतरे तो टीम मैनेजमेंट के साथ फैंस ने भी राहत की सांस ली। गिल की अनुपस्थिति में शुरुआती दो दिनों के दौरान केएल राहुल ने जिम्मेदारी संभाली थी।
श्रीलंका इलेवन की दूसरी पारी
श्रीलंका इलेवन की दूसरी पारी में निशान मदुशंका ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 73 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली और रिटायर्ड हर्ट हुए। अंजला बंदारा ने 35 रन और निपुण धनंजय ने 46 रन बनाए।
भारत की ओर से गुरनूर बराड़ और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली।
भारत की पहली पारी
भारत ने पहली पारी में 357 रन बनाए थे। केएल राहुल ने 40 रन, जबकि रवींद्र जडेजा ने 63 रन की पारी खेली। मानव सुथार ने 41 रन बनाए। सारांश जैन के बल्ले से 22 रन निकले।
गुरनूर बराड़ ने 18 गेंदों में दो चौकों और चार छक्कों की मदद से तेजी से 36 रन बनाए। भारत के लिए पहली पारी में सबसे ज्यादा रन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले देवदत्त पडिक्कल ने बनाए। उन्होंने 164 गेंदों पर 18 चौकों की मदद से 142 रन की नाबाद पारी खेली।
श्रीलंका की ओर से रमेश मेंडिस और असांका मनोज ने दो-दो विकेट लिए। विश्वा फर्नांडो और केशारा नुवांथा को एक-एक विकेट मिला।
श्रीलंका इलेवन की पहली पारी
श्रीलंका इलेवन ने पहली पारी में 363 रन बनाए थे। निशान मदुशंका ने 66 रन और रविंदु रसांथा ने 71 रन की पारी खेली। पासिंदू ने 35 रन, जबकि पवन रत्नायके ने 39 रन बनाए। अहान विक्रमसिंघे 31 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान सोनल दिनुषा ने 52 रन की पारी खेली, जबकि रमेश मेंडिस ने 32 रन बनाए। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं गुरनूर बराड़ को एक विकेट मिला।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.