जम्मू-कश्मीर को मिला बड़ा तोहफा: अब पहले मिलेगी मौसम की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने डॉप्लर वेदर रडार लगाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि यह रडार क्षेत्र में मौसम की सटीक और रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराएगा, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारी और जल्दी चेतावनी जारी करना संभव होगा।
डोडा में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने कहा कि रडार से समय पर अलर्ट देने में मदद मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी सुधार के लिए कलोटा से हम्बल तक लिंक रोड और माता देदानी मंदिर तक सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इससे न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में औषधीय और सुगंधित पौधों के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई। मंत्री ने कोटली स्थित पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट को पूरी तरह से चालू करने और स्थानीय उद्यमियों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत सुविधाएं देने के निर्देश दिए।
सड़क परियोजनाओं और सुरंगों जैसे चैटरगला टनल और सुधमहादेव टनल के कार्यों की भी समीक्षा की गई और उन्हें शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए गए। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार के लिए खाली पदों को भरने और स्टाफ की कमी दूर करने के लिए ठोस नीति बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत तीन सड़कों का उद्घाटन भी किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.