जम्मू-कश्मीर में बारिश से बिगड़े हालात, शोपियां में बादल फटा; वैष्णो देवी यात्रा रोकी गई

HIGHLIGHTS
- अखनार इलाके में बादल फटने के बाद बाढ़ जैसे हालात
- किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं
- जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर कई जगह भूस्खलन जारी
जम्मू। कश्मीर संभाग के शोपियां के अखनार इलाके में बुधवार को बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए, हालांकि किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। जम्मू संभाग के कई जिलों में मानसून की बारिश लगातार जारी है। नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के देवाल, धर्मथल सहित कई हिस्सों में लगातार हो रहे भूस्खलन से चुनौती बनी हुई है, हालांकि यातायात सुचारु रूप से चल रहा है। बारिश के कारण कटड़ा-सांझीछत हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रभावित रही। वहीं, घाटी में गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिल पाई है।
बुधवार को राजधानी श्रीनगर जम्मू से अधिक गर्म रही। दूसरी ओर, जम्मू संभाग के कई जिलों में बारिश के कारण दिन का तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री नीचे दर्ज किया गया। जम्मू में मंगलवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री कम होकर 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ऊधमपुर जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। कठुआ में भी बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। विशालकाय चीड़ का पेड़ गिरने से महानपुर-बिलावर 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। बनी-बसोहली मार्ग पर सुबह भूस्खलन के कारण करीब पांच घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।
रियासी, राजौरी, पुंछ, बनिहाल-रामबन, किश्तवाड़ और आसपास के इलाकों में भी बारिश होती रही। जम्मू संभाग के बनिहाल में अधिकतम तापमान 23.2, बटोत में 23.7, कटड़ा में 24.6 और भद्रवाह में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 31.6, पहलगाम में 25.2 और गुलमर्ग में 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
वैष्णो देवी के ताराकोट मार्ग पर भूस्खलन
श्री माता वैष्णो देवी के ताराकोट मार्ग पर भूस्खलन और बारिश के कारण बुधवार रात आठ बजे श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। यात्रा मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
यात्रा रोके जाने के समय करीब 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि कटड़ा आधार शिविर में पांच से आठ हजार श्रद्धालु रुके हुए थे।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार, मौसम की स्थिति को देखते हुए वीरवार सुबह यात्रा बहाल की जाएगी। इससे पहले श्राइन बोर्ड ने दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित रखी थी। इसके बाद कुछ समय के लिए यात्रा दोबारा शुरू की गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.