अनंतनाग में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार: छह आरोपी गिरफ्तार, तीन एफआईआर दर्ज

नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए अनंतनाग पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 3.7 किलोग्राम से अधिक नशीला पदार्थ और 10,450 रुपये नकद बरामद किए हैं।
डांटर इलाके में बड़ी बरामदगी
अधिकारियों के अनुसार, डांटर में नाका चेकिंग के दौरान अनंतनाग शहर की ओर आ रहे चार संदिग्धों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 3.178 किलोग्राम गांजा और 10,450 रुपये नकद मिले। इस मामले में शब्बीर कयूम (चीनी चौक अनंतनाग), जाहिद मंजूर (हसनपोरा बाग) और फैजान लोन (मीर-डांटर अनंतनाग) को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि गौहर रेशी (डांटर) मौके से फरार हो गया। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मरहामा क्रॉसिंग पर ड्रग्स के साथ गिरफ्तारी
मरहामा क्रॉसिंग पर पीपी संगम की टीम ने एक वाहन को रोककर जांच की, जिसमें से 3.29 ग्राम ब्राउन शुगर और 7.88 ग्राम चरस बरामद की गई। वाहन में सवार मो. तुफैल हाजम और मुश्ताक अहमद खांडे (दोनों निवासी बडीपोरा चदूरा) को गिरफ्तार किया गया।
वाघामा में चरस बरामद
इसी तरह, दूधनाद वाघामा में नाका चेकिंग के दौरान जावेद अहमद मंटू (निवासी वाघामा बिजबिहाड़ा) को पकड़ा गया। उसके पास से 468 ग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
त्राल में एक और गिरफ्तारी
त्राल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आशिक हुसैन भट (रत्सूना निवासी) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 50 ग्राम चरस और 125 ग्राम चरस पाउडर बरामद किया गया। इस मामले में त्राल थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कुपवाड़ा में केमिस्ट दुकानों पर जांच अभियान
इधर कुपवाड़ा में पुलिस ने रविवार को केमिस्ट दुकानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, ड्रग लाइसेंस और दवा भंडारण की स्थिति की जांच की गई।
अधिकारियों ने बिना वैध पर्चे दवाओं की बिक्री, एक्सपायरी और प्रतिबंधित दवाओं की उपलब्धता पर विशेष निगरानी रखी। पुलिस ने दुकानदारों को सभी रिकॉर्ड सही तरीके से रखने और नियमों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.