मैक्सीजोन घोटाला: जमशेदपुर में दर्ज हुई नई एफआईआर, फिल्मी सितारे भी आरोपी

गाजियाबाद की निवेश कंपनी मैक्सीजोन टच इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े करीब 3000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर जमशेदपुर के साकची थाना में एक नई एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में कई नामी फिल्म कलाकारों और कंपनी से जुड़े पदाधिकारियों को आरोपी बनाया गया है।
एफआईआर में अभिनेता गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे, रजा मुराद, गायक मनोज तिवारी, कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह और परसुडीह निवासी सूर्य नारायण पात्रो के नाम शामिल किए गए हैं।
यह मामला बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती निवासी जसपाल सिंह और टेल्को कॉलोनी निवासी कुलदीप सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने ज्यादा रिटर्न के लालच में कंपनी में करीब 8 लाख रुपये लगाए थे, लेकिन बाद में कंपनी का जमशेदपुर कार्यालय अचानक बंद हो गया और निवेशकों से संपर्क टूट गया। कंपनी का कार्यालय साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह इलाके में स्थित था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2022 में भी इसी कंपनी और उससे जुड़े कुछ कलाकारों तथा अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। साकची थाना क्षेत्र में इस कंपनी से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह इस समय रांची जेल में बंद हैं। दोनों को पुलिस ने पहले धनबाद से गिरफ्तार किया था। वे बिहार के वैशाली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा है।
जांच में सामने आया है कि कंपनी निवेशकों को कम से कम एक लाख रुपये के निवेश पर 15 प्रतिशत मासिक ब्याज देने का वादा करती थी। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कंपनी अपने प्रचार कार्यक्रमों में जाने-माने फिल्म कलाकारों को बुलाती थी, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ाया जाता था।
आंकड़ों के अनुसार, सिर्फ जमशेदपुर से ही 10 हजार से अधिक निवेशकों ने करीब 150 करोड़ रुपये लगाए थे, जबकि पूरे झारखंड में निवेश की कुल राशि लगभग 600 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। हालांकि जनवरी 2022 के बाद कंपनी ने ब्याज भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक, यह कथित धोखाधड़ी सितंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच की अवधि में हुई। साकची थाना प्रभारी आसंद मिश्रा ने बताया कि अदालत के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.