नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड 2025 का ऐलान, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड; खेल रत्न किसी को नहीं

HIGHLIGHTS
- खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा की।
- मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए इस बार किसी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ।
- अर्जुन पुरस्कार के लिए अलग-अलग खेलों के 17 खिलाड़ियों के नाम तय किए गए।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी गई है। इस बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ है। वहीं, अर्जुन पुरस्कार के लिए 17 खिलाड़ियों को चुना गया है, जबकि एक खिलाड़ी को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) से सम्मानित किया जाएगा। खेल मंत्रालय ने मंगलवार को पुरस्कारों का ऐलान किया।
अर्जुन पुरस्कार के अलावा तीन कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है। भारत के उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने खिलाड़ियों, कोच और संस्थाओं को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार देने का फैसला किया है।
अर्जुन पुरस्कार के लिए 17 खिलाड़ियों का चयन
अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को एथलेटिक्स में चुना गया है। बैडमिंटन में त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद को पुरस्कार के लिए चुना गया है।
मुक्केबाजी में नरेंद्र, शतरंज में विदित गुजराती और दिव्या देशमुख, बधिर शूटिंग में धनुष श्रीकांत, हॉकी में लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी में सुरजीत और पूजा को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इसके अलावा पैरा-शूटिंग में रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स में एकता भ्यान, रोइंग में अरविंद सिंह और शूटिंग में अखिल श्योरण को अर्जुन पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
अर्जुन पुरस्कार खेल के क्षेत्र में पिछले चार वर्षों के दौरान अच्छे प्रदर्शन के साथ नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है।
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए आई अरुमनायगम का चयन
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए फुटबॉल के आई अरुमनायगम को चुना गया है। यह पुरस्कार ऐसे खिलाड़ियों को सम्मानित करने और प्रेरित करने के लिए दिया जाता है, जिन्होंने खेल के क्षेत्र में योगदान दिया है और संन्यास के बाद भी किसी न किसी रूप में खेल से जुड़े रहकर उसके विकास में योगदान दिया है।
द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए तीन कोच चयनित
द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025 के लिए एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को चुना गया है।
द्रोणाचार्य पुरस्कार ऐसे प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने लगातार बेहतरीन और प्रभावी कार्य किया हो और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.