हरिद्वार में 90 हजार से अधिक विवाह पंजीकरण पूरे, लिव-इन के 22 आवेदन खारिज

समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद हरिद्वार जिले में विवाह पंजीकरण की रफ्तार तेज हो गई है। अब तक जिले में 90,000 से अधिक विवाह पंजीकरण पूरे किए जा चुके हैं, जबकि लिव-इन रिलेशनशिप के लिए आए 40 आवेदनों में से 22 को अभिलेखों की कमी के कारण निरस्त कर दिया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी एवं यूसीसी पोर्टल के नोडल अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि लिव-इन में रहने के लिए अब तक 40 जोड़ों ने ऑनलाइन आवेदन किया था, जिनमें से 12 जोड़ों को अनुमति दी गई है। शेष आवेदनों की जांच प्रक्रिया जारी है।
ग्राम पंचायत गाजीवाली ने इस अभियान में मिसाल पेश की है। बहादराबाद ब्लॉक की यह पंचायत जिले की पहली ऐसी ग्राम पंचायत बन गई है, जिसने 26 मार्च 2010 के बाद विवाह करने वाले सभी 201 व्यक्तियों का पंजीकरण पूरा कर लिया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं को इस उपलब्धि पर बधाई दी। साथ ही निर्देश दिए कि 9 नवंबर तक प्रत्येक विकासखंड की कम से कम पांच ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत पंजीकरण पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर तक जिले के सभी पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी नगर निकायों और पंचायतों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक नगर क्षेत्रों से 27,631 और ग्रामीण क्षेत्रों से 62,416 विवाह पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस तरह हरिद्वार जिले में कुल 90,047 विवाह पंजीकरण पूरे हो चुके हैं।
मुख्य आंकड़े:
हरिद्वार: 7,559
रुड़की: 8,315
मंगलौर: 1,803
लक्सर: 1,442
शिवालिक नगर: 1,446
भगवानपुर: 947
अन्य निकायों सहित कुल: 90,047 पंजीकरण
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.