पन्ना में मजदूर की चमकी किस्मत, खुदाई में मिला 17 कैरेट का बेशकीमती हीरा

HIGHLIGHTS
- अखिलेश पाल को सरकोहा की निजी खदान में मिला बेशकीमती हीरा।
- हीरे को नियमानुसार पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा कराया गया।
- हीरे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पन्ना में एक बार फिर मजदूर की किस्मत चमक गई। सरकोहा की निजी हीरा खदान में मजदूरी कर रहे अखिलेश पाल को खुदाई के दौरान 17 कैरेट का नायाब हीरा मिला है। हीरा मिलने की जानकारी सामने आने के बाद खदान में काम करने वाले मजदूरों और आसपास के लोगों में उत्साह का माहौल है। इस बेशकीमती हीरे को हीरा धारक ने नियमानुसार पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।
उज्जवल जेम्स क्वालिटी का है हीरा
जानकारी के मुताबिक, मिला हुआ हीरा उज्जवल जेम्स क्वालिटी का बताया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। हालांकि, हीरे की वास्तविक कीमत आगामी नीलामी में लगने वाली बोली के बाद ही सामने आएगी।
7 पार्टनरों में बांटी जाएगी रकम
इस हीरे में कुल सात लोग साझेदार हैं। ऐसे में नीलामी से मिलने वाली राशि नियमानुसार सभी पार्टनरों के बीच उनके निर्धारित हिस्से के आधार पर बांटी जाएगी। हीरा मिलने वाले मजदूर अखिलेश पाल के लिए यह खोज बड़ी खुशी लेकर आई है। रोजाना मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले अखिलेश को उम्मीद है कि हीरे की नीलामी से मिलने वाली रकम उनकी आर्थिक स्थिति को बेहतर करने में मदद करेगी।
नीलामी में रखा जाएगा हीरा
हीरा कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार नियमों के तहत इस हीरे को आगामी नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी से प्राप्त राशि में से 12 प्रतिशत की कटौती के बाद बाकी रकम हीरा धारक को दी जाएगी। इसके बाद साझेदारों के बीच राशि का बंटवारा किया जाएगा।
हालांकि, पन्ना में करीब आठ महीने से हीरों की नीलामी नहीं होने के चलते हीरा धारकों और मजदूरों में निराशा भी बनी हुई है। मेहनत के बाद कीमती हीरा मिलने के बावजूद लंबे समय से नीलामी नहीं होने के कारण उन्हें रकम मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है।
इस संबंध में हीरा अधिकारी ने बताया कि 17 कैरेट के इस हीरे को आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा और अक्टूबर में नीलामी आयोजित होने की उम्मीद है। नीलामी में देश-विदेश के व्यापारी हीरे के लिए बोली लगाएंगे। सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यापारी को नियमानुसार हीरा सौंपा जाएगा।
पन्ना की धरती ने फिर बढ़ाया मान
पन्ना को देशभर में हीरों की नगरी के तौर पर पहचान मिली हुई है। यहां अक्सर मजदूरों और छोटे खदान संचालकों की किस्मत खुदाई के दौरान चमकती रही है। अब 17 कैरेट के इस नायाब हीरे ने एक बार फिर पन्ना को चर्चा में ला दिया है। अब सबकी नजर अक्टूबर में प्रस्तावित नीलामी पर है, जहां यह उज्जवल जेम्स क्वालिटी का 17 कैरेट हीरा कितनी कीमत हासिल करता है, यह देखने वाली बात होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.