गुना जंगल कांड में पुलिस का एक्शन, पांच आरोपी पकड़े गए; दो की तलाश जारी

HIGHLIGHTS
- पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
- जांच में सामने आया कि घटना में कुल सात बदमाश शामिल थे।
- पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, पर्स और अन्य सामान बरामद किया है।
गुना। गुना जिला मुख्यालय के पास बोरखेड़ा के जंगल में कोलकाता की युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवती मूल रूप से झारखंड की रहने वाली है और नेशनल फर्टीलाइजर्स में अभियंता के पद पर कार्यरत अपने मित्र से मिलने आई थी।
गुरुवार रात टेकरी सरकार के दर्शन के बाद एनएफएल लौटते समय आरोपियों ने बाइक पंचर होने का बहाना बनाकर युवती और उसके मित्र को रोका था। इसके बाद उन्हें जंगल की ओर ले जाया गया, जहां युवती के साथ वारदात को अंजाम दिया गया।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में बोरखेड़ा गांव के बबलू बंजारा, महेंद्र बंजारा, दिनेश बंजारा, खजरा निवासी छोटू बंजारा और विन्याकी निवासी सरदार बंजारा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, पर्स और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में कुल सात बदमाश शामिल थे। दो अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस को देखकर जंगल में भागे बदमाश
यह घटना नेशनल हाईवे-46 पर हिलगना के पास बोरखेड़ा जंगल में हुई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान तीन आरोपियों ने युवती के मित्र युवक को बंधक बनाकर रखा था।
पीड़िता ने बदमाशों से बचने के लिए काफी संघर्ष किया। उसने खुद को बचाने के लिए आरोपियों का विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। युवती के शोर की आवाज सुनकर पास में तैनात पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी जंगल के रास्ते फरार हो गए।
पीड़िता ने बताई पूरी घटना
पीड़िता ने बताया कि वह अपने साथी युवक के साथ टेकरी दर्शन कर बाइक से एनएफएल विजयपुर स्थित घर लौट रही थी। इसी दौरान रिलायंस पेट्रोल पंप ग्रीन माउंटेन के पहले एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रोका और कहा कि उनकी बाइक का पहिया पंचर हो गया है।
पीड़िता के अनुसार, जब वह और उसका साथी बाइक रोककर पंचर देखने लगे तो बदमाशों ने बाइक की चाबी निकाल ली और जबरदस्ती बाल खींचकर दोनों को एबी रोड के दूसरी ओर घने जंगल में ले गए।
पीड़िता ने बताया कि जंगल में आरोपियों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद सभी ने उसे और उसके साथी युवक को डंडों और थप्पड़ों से पीटा। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर दोनों के मोबाइल और बाइक छीन लिए। इसके बाद उसके साथी युवक को जंगल के दूसरे हिस्से में ले जाया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद तीन आरोपियों ने उसके साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। उसने बताया कि आरोपियों ने उसके हाथ कपड़ों से बांध दिए।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने शोर मचाया तो एक आरोपी ने उसके साथ और अधिक हिंसा की, जिससे वह घायल हो गई। उसने बताया कि उसने बचाव में आरोपियों का विरोध किया और उन्हें नोंचा तथा काटा, लेकिन आरोपी नहीं रुके।
पीड़िता ने बताया कि जंगल में कुछ दूरी पर उसके साथी युवक की आवाज भी आ रही थी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देखकर सभी आरोपी उसे जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.