पृथ्वी शॉ ने अभ्यास मैच में शतक जड़ा, आउट होने के बाद मुंबई खिलाड़ियों से भिड़े

रणजी ट्रॉफी शुरू होने से पहले भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपनी बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए मुंबई के खिलाफ अभ्यास मैच में शतक लगाया। तीन दिवसीय इस मैच में पृथ्वी ने 219 गेंदों का सामना करते हुए 181 रन बनाए। यह उनकी टीम बदलने के बाद पहली बड़ी पारी रही, क्योंकि आठ साल तक मुंबई का हिस्सा रहने के बाद उन्होंने इस सीजन महाराष्ट्र की जर्सी पहनी है।
हालांकि, पृथ्वी की यह पारी विवादों से खाली नहीं रही। मुशीर खान की गेंद पर स्वीप शॉट लगाने के दौरान पृथ्वी बाउंड्री पर कैच आउट हो गए। आउट होने के बाद पृथ्वी और मुंबई टीम के कुछ खिलाड़ियों के बीच बहस हो गई। पृथ्वी गुस्से में मुशीर को बल्ला दिखाते नजर आए, जिसके बाद अंपायर ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद ड्रेसिंग रूम लौटते समय उनकी सिद्धेश लाड से भी बहस हुई, जिसमें अंपायर को फिर से बीच-बचाव करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें पृथ्वी का गुस्सा और खिलाड़ियों के बीच विवाद स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
पृथ्वी शॉ लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर हैं, लेकिन उन्होंने टीम इंडिया के लिए टेस्ट, वनडे और T20 में प्रदर्शन किया है। 2018 में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू पर शतक जड़ा था। विवादों के कारण उनका नाम अक्सर सुर्खियों में रहता है। इस अभ्यास मैच में शानदार बल्लेबाजी से उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है, लेकिन मैदान पर हुई विवादित हरकतें उन्हें मुश्किल में भी डाल सकती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.