राजा रघुवंशी हत्याकांड: मेघालय एसआईटी ने 790 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की

मेघालय पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या मामले में अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। 790 पन्नों के इस चार्जशीट में राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बताया गया है। सोनम के प्रेमी राज कुशवाहा सहित आकाश राजपूत, आनंद कुर्मी और विशाल सिंह चौहान पर भी हत्या का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी पांच आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (I) (हत्या), 238 (a) (सबूत मिटाना) और 61 (2) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूर्वी खासी हिल्स के एसपी विवेक सईम ने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद तीन और सह-आरोपियों—प्रॉपर्टी डीलर सिलोम जेम्स, लोकेंद्र तोमर और सुरक्षा गार्ड बलबीर अहिरवार—के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इन पर सबूत छिपाने और नष्ट करने के आरोप हैं। फिलहाल तीनों जमानत पर बाहर हैं।
क्या है पूरा मामला
इंदौर निवासी राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि सोनम शादी से पहले अपने परिवार की फैक्ट्री में काम करने वाले राज कुशवाहा से रिश्ते में थी और इस विवाह से खुश नहीं थी। 23 मई को हनीमून के दौरान सोनम ने अपने प्रेमी और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर राजा की हत्या कर दी। बाद में जंगल से राजा का शव बरामद हुआ।
पुलिस को सोनम 8 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिली। पूछताछ में उसने पति की हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद उसके तीन अन्य सहयोगियों को यूपी, इंदौर और सागर (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया। अंततः राज कुशवाहा भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.