राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम को झटका, केपी इंटर कॉलेज मैदान की अनुमति रद्द

HIGHLIGHTS
- कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष ने पहले दी गई अनुमति को वापस लिया।
- कार्यक्रम स्थल को लेकर कांग्रेस और आयोजकों के सामने नई चुनौती खड़ी हुई।
- अनुमति रद्द करने के पीछे हाई कोर्ट के आदेश और छात्रों की पढ़ाई का हवाला दिया गया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आठ अगस्त को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन को लेकर मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने कार्यक्रम स्थल की अनुमति रद्द कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कार्यवाहक अध्यक्ष से मुलाकात की कोशिश की, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।
राहुल गांधी का छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आठ अगस्त को केपी इंटर कॉलेज मैदान में प्रस्तावित है। कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष से अनुमति लेने के बाद निर्धारित शुल्क भी जमा कर दिया था। अब कार्यवाहक अध्यक्ष की ओर से शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फुजैल हाशमी को पत्र भेजकर पहले दी गई अनुमति को निरस्त करने की जानकारी दी गई है।
हाई कोर्ट के आदेश का दिया हवाला
कार्यवाहक अध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त 2025 को एक आदेश दिया था, जिसमें छात्रों की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा नहीं आने की बात कही गई थी। पत्र में कहा गया है कि कार्यक्रम के कारण दो विद्यालयों के छात्र प्रभावित होंगे।
इसके अलावा पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आउटडोर खेल का मैदान बारिश के पानी के कारण खराब हो जाएगा और उसे दोबारा ठीक कराने में काफी समय और परेशानी होगी।
पत्र में कहा गया है कि कार्यक्रम की तारीख ऐसी होनी चाहिए, जिससे विद्यालय की गतिविधियों पर कोई असर न पड़े। उच्च न्यायालय के आदेश और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कार्यक्रम को बरसात के बाद अवकाश की तारीख में आयोजित करने का सुझाव दिया गया है।
कार्यवाहक अध्यक्ष ने पत्र में स्पष्ट किया कि पहले दी गई अनुमति रद्द की जाती है और कांग्रेस कार्यालय से पहले जमा की गई धनराशि वापस प्राप्त कर सकता है।
अजय राय ने की मुलाकात की कोशिश
अनुमति रद्द होने के बाद कांग्रेस में हलचल बढ़ गई है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य स्थानीय कांग्रेस नेता बुधवार शाम कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह से मिलने उनके खुशहाल पर्वत स्थित आवास पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
वहीं, राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को अभी पुलिस प्रशासन से अनुमति मिलने का इंतजार है।
तय तारीख पर ही होगा कार्यक्रम: शहर अध्यक्ष
शहर कांग्रेस अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने कहा कि कार्यक्रम के लिए पहले ही 51 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है। केपी इंटर कॉलेज मैदान में तैयारियों पर काफी धनराशि खर्च हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर प्रशासन का सहयोग मिल रहा है और राहुल गांधी का कार्यक्रम तय तारीख पर ही आयोजित किया जाएगा।
फुजैल हाशमी ने बताया कि कार्यक्रम की अनुमति को लेकर बुधवार को अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा के साथ बैठक हुई। पुलिस अधिकारियों ने पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी मांगी है। पुलिस प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को अनुमति देने का आश्वासन मिला है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अलावा मुकुंद तिवारी, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, विजय मिश्र, रजनीश सिंह रिशू, अशफाक अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.