शामली: अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या, पति फरार

शामली। कांधला थाना क्षेत्र के खेड़ा कुरतान गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंधों के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी पति शव को गांव लेकर पहुंचा और इलाज कराने का बहाना बनाकर घर पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी आशु अपनी पत्नी इशरत (35) और बच्चों के साथ बागपत जिले के सरूरपुर क्षेत्र में स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गया हुआ था। शनिवार तड़के करीब चार बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान आशु ने पत्नी पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान बच्चे घटनास्थल पर मौजूद थे और चीख-पुकार मच गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला अक्सर मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करती थी, जिसे लेकर पति आशु को शक रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। आशंका है कि इसी शक के चलते आरोपी ने यह खौफनाक वारदात अंजाम दी।
घटना के बाद आरोपी शव को गांव खेड़ा कुरतान लेकर पहुंचा और परिजनों को इलाज कराने की बात कहकर मौके से फरार हो गया।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ईंट भट्ठे पर दोनों के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.