शहजाद पूनावाला ने पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर दी सफाई, वीडियो हुआ वायरल

HIGHLIGHTS
- शहजाद पूनावाला के वीडियो में पीएम मोदी और विपक्ष के मुद्दों को लेकर बयान चर्चा में आया।
- एक्स प्रोफाइल में बदलाव के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हुईं।
- पूनावाला ने आपातकाल और विपक्ष शासित राज्यों की कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
भाजपा से अलग होने की अटकलों के बीच पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो की शुरुआत में ऐसा प्रतीत होता है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना कर रहे हैं, लेकिन आगे बढ़ने पर साफ होता है कि उनका बयान विपक्ष के आरोपों पर तंज के रूप में है।
वीडियो में शहजाद पूनावाला कहते हुए नजर आ रहे हैं कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 'निराश' हैं, क्योंकि 12 साल बाद भी उन्हें तानाशाही करना नहीं आया।
'तानाशाही का उदाहरण देखना है तो कांग्रेस को देखें'
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जारी किए गए एक वीडियो का जिक्र करते हुए पूनावाला ने कहा कि सोशल मीडिया पर संवैधानिक पदों और प्रधानमंत्री की माता के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बावजूद पीएम मोदी ने संबंधित बच्चों को 'शरारती बच्चे' बताते हुए उन्हें माफ करने की अपील की थी।
पूनावाला ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति वास्तव में तानाशाह होता तो उसका व्यवहार ऐसा नहीं होता। उन्होंने कहा कि असली तानाशाही और आपातकाल का उदाहरण देखना हो तो कांग्रेस के इतिहास को देखना चाहिए।
उन्होंने आपातकाल, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगाए गए प्रतिबंधों और उस समय हुई राजनीतिक कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
विपक्ष शासित राज्यों पर लगाए आरोप
पूनावाला ने आरोप लगाया कि केरल में राहुल गांधी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वाले तीन इंस्टाग्राम यूजर्स के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर विपक्ष के दोहरे रवैये का उदाहरण बताया।
वीडियो में कई अखबारों की कटिंग दिखाते हुए पूनावाला ने दावा किया कि तेलंगाना, कर्नाटक और केरल जैसे विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में प्रदर्शनकारियों, छात्रों और सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गईं और कानूनी कार्रवाई की गई।
उन्होंने असम के AASU आंदोलन, गुजरात के नवनिर्माण आंदोलन और 2011-13 के अन्ना आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भी बड़े आंदोलनों में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
एक्स प्रोफाइल से बीजेपी का नाम हटाने के बाद बढ़ी चर्चा
इस बीच शहजाद पूनावाला ने शुक्रवार को अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल से बीजेपी का उल्लेख हटा दिया, जिसके बाद उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गईं।
हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक शहजाद पूनावाला या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आजीवन अनुयायी बताया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.