'मैं पीएम मोदी से निराश हो चुका हूं', शहजाद पूनावाला ने ऐसा क्यों कहा? वीडियो में बताया पूरा मामला

HIGHLIGHTS
- शहजाद पूनावाला के वीडियो में पीएम मोदी और विपक्ष के मुद्दों को लेकर बयान चर्चा में आया।
- एक्स प्रोफाइल में बदलाव के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हुईं।
- पूनावाला ने आपातकाल और विपक्ष शासित राज्यों की कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
नई दिल्ली: बीजेपी प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक वीडियो जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने पीएम मोदी को लेकर कहा कि वह उनसे निराश हैं और 12 साल सत्ता में रहने के बाद भी वह ठीक से डिक्टेटर (तानाशाह) नहीं बन पाए हैं। हालांकि, अपने वीडियो में शहजाद पूनावाला ने खुद स्पष्ट किया कि उनकी यह टिप्पणी विपक्ष के आरोपों पर तंज के रूप में है।
शहजाद पूनावाला ने क्यों बदला एक्स प्रोफाइल बायो?
हाल ही में शहजाद पूनावाला ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल का बायो बदल दिया था। इसमें उन्होंने रिलीजन में इस्लाम, कल्चर में हिंदू और आइडियोलॉजी में भारतीय लिखा है। उनके इस बदलाव के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि क्या उन्होंने बीजेपी से दूरी बना ली है।
इसी बीच उनके बयान देने के अंदाज में भी बदलाव की चर्चा होने लगी। इसी क्रम में उन्होंने एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी को लेकर टिप्पणी की और कहा कि वह एक डिक्टेटर बनने में नाकाम रहे हैं।
'मैं पीएम मोदी से निराश हो चुका हूं'
शहजाद पूनावाला ने वीडियो में कहा, "फ्रेंड्स, मैं पीएम मोदी से पूरी तरह से निराश हो चुका हूं। 12 साल हो गए और वो पूरी तरह फेल साबित हुए हैं। उनको ठीक से डिक्टेटर बनना नहीं आ रहा।"
उन्होंने आगे कहा कि 12 साल पूरे होने के बाद भी पीएम मोदी ने तानाशाह बनने के बजाय वीडियो जारी कर उन बच्चों को माफ करने की बात कही, जिन्होंने कथित तौर पर उन्हें और उनकी माता जी को गाली दी थी।
पूनावाला ने कहा कि पीएम मोदी ने उन्हें 'शरारती बच्चे' बताते हुए माफ करने की अपील की और समाज व पुलिस से भी उन्हें माफ करने को कहा।
'राहुल गांधी से सीखिए असली डिक्टेटरशिप'
शहजाद पूनावाला ने वीडियो में राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, जो इंदिरा गांधी और नेहरू के वंशज हैं, उनसे असली डिक्टेटरशिप और इमरजेंसी के बारे में सीखना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में राहुल गांधी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले तीन इंस्टाग्राम यूजर्स के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि विपक्ष शासित राज्यों में भी प्रदर्शनकारियों और सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ कार्रवाई हुई है।
उन्होंने केरल में हजारों लोगों पर केस दर्ज होने, कर्नाटक में पोस्टर दिखाने वालों और रैप आर्टिस्ट के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर सवाल उठाए।
नेहरू और इंदिरा गांधी का भी किया जिक्र
पूनावाला ने अपने वीडियो में फ्रीडम ऑफ स्पीच और आपातकाल का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को किसने खत्म किया, इमरजेंसी किसने लगाई और संसद में सांसदों की आवाज किसने बंद की, इसका इतिहास सबके सामने है।
उन्होंने छात्रों, साधु-संतों से जुड़े आंदोलनों और अन्ना आंदोलन का जिक्र करते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।
'पीएम मोदी डिक्टेटर नहीं बन पा रहे, इसलिए फेल हैं'
शहजाद पूनावाला ने कहा कि पीएम मोदी उन लोगों को माफ कर रहे हैं, जिन्होंने उन्हें गालियां दीं, जबकि राहुल गांधी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कार्रवाई करवा रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को सत्ता में 12 साल हो गए हैं, लेकिन वह डिक्टेटर नहीं बन पाए हैं और इसी वजह से वह फेल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.