‘छह कांग्रेस विधायक जा सकते हैं जदयू में, गहलोत रोकें तो रोक लें’: भाजपा का दावा

गोरखपुर। भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा राजनीतिक हमला किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के छह विधायक जल्द ही जदयू में शामिल हो सकते हैं और पार्टी संगठन उन्हें रोकने में असमर्थ है। अग्रवाल ने व्यंग्य करते हुए कहा, "उन्हें तो रोक लें गहलोत… अगर रोक सकते हैं।"
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आड़े हाथों लेते हुए अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान में जिस तरह वे 'विधायक बचाने' की राजनीति करते थे, वही अभ्यास उन्हें बिहार में आजमाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस आज जिस स्थिति में है, वह पार्टी की अपनी विफलताओं का परिणाम है, किसी बाहरी कारण का नहीं।
अंता उपचुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए अग्रवाल ने कहा कि भाजपा निष्पक्ष चुनाव कराने में सफल रही है और जनता का विश्वास पार्टी के साथ है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे बीजेपी पर वोट चोरी के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि यह उनके मुंह पर तमाचा है।
चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को 'राजनीतिक स्टंट' बताते हुए अग्रवाल ने कहा कि आयोग केवल नीति और प्रक्रिया तय करता है, जबकि चुनाव संचालन प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से होता है, जो राज्य सरकार के अधीन हैं। ऐसे में भाजपा पर आरोप लगाना हास्यास्पद है।
अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस को हार का दोष दूसरों पर नहीं डालना चाहिए। पार्टी का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है, लेकिन बिना फूट के भी कांग्रेस वहां पहुंची है, जहां उसका समर्थन लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने अंत में कहा, "अशोक गहलोत राजस्थान छोड़कर बिहार जाएं, शायद वहां कुछ बचा सकें।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.