₹10 में व्हाट्सएप पर शुरू करें सब्जी-किराना कारोबार, ₹99 में बनेगी ऑनलाइन दुकान

HIGHLIGHTS
- ₹10 में व्हाट्सएप से सब्जी-किराना कारोबार शुरू करने की सुविधा
- ₹99 में सिर्फ एक मिनट में तैयार होगी ऑनलाइन दुकान
- दृष्टिहीनों के लिए स्मार्ट चश्मे और स्मार्ट हैंड जैसी AI तकनीक प्रदर्शित
नई दिल्ली। अब सब्जी से लेकर किराना व्यापारी तक सिर्फ 10 रुपये में वाट्सएप के जरिए अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं। वहीं, 99 रुपये में किसी भी वस्तु की ऑनलाइन दुकान शुरू करने की सुविधा भी उपलब्ध है। तकनीक की मदद से उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के साथ उन्हें लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया जा सकता है।
बुधवार से नई दिल्ली के प्रगति मैदान में शुरू हुए भारतीय व्यापार महोत्सव में जेन जी अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। जेन जी की ओर से संचालित एक स्टार्टअप कंपनी ने दृष्टिहीन लोगों के लिए ऐसे चश्मे तैयार किए हैं, जिन्हें पहनकर वे सामान्य लोगों की तरह पढ़ सकते हैं, इंटरनेट पर किसी भी सामग्री को सर्च कर सकते हैं और ऑनलाइन ऑर्डर भी कर सकते हैं।
₹99 में तैयार होगी ऑनलाइन दुकान
भारतीय व्यापार महोत्सव में एआई आधारित स्टार्टअप क्लिक का प्रदर्शन करने वाले सक्षम अरोड़ा ने बताया कि उनके एआई टूल की मदद से किसी भी उत्पाद का ऑनलाइन स्टोर सिर्फ एक मिनट में तैयार किया जा सकता है। इसके जरिए कारोबारी अपनी ऑनलाइन दुकान बनाकर उत्पाद बेच सकते हैं।
इस सुविधा के लिए केवल 99 रुपये शुल्क लिया जाता है। फिलहाल ऑनलाइन कारोबार के लिए किसी उत्पाद को प्रदर्शित करने में व्यापारियों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। छोटूडाटकाम के संस्थापक वाई रवि ने बताया कि उनके एप के जरिए कोई भी व्यक्ति सब्जी से लेकर किराने का सामान आसानी से वाट्सएप के माध्यम से बेच सकता है।
₹10 में वाट्सएप से सब्जी-किराना बेचें
कम पढ़े-लिखे सब्जी और किराना विक्रेता ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कई तरह की औपचारिकताएं पूरी करने के कारण कारोबार शुरू नहीं कर पाते। हालांकि वाट्सएप का इस्तेमाल लगभग हर कोई करता है। इस एप के जरिए कारोबार करने वाले लोगों को वाट्सएप पर ही ऑर्डर प्राप्त होंगे।
इससे कारोबारी को खरीदार का फोन नंबर भी मिल जाएगा और वह बाद में फोन के जरिए भी उनसे ऑर्डर ले सकेगा। रवि के मुताबिक, छोटूडाटकाम में वाट्सएप की कोई भूमिका नहीं है और इस एप के जरिए कारोबार करने वालों से एक दिन के लिए 10 रुपये शुल्क लिया जाता है।
ऐसा स्मार्ट हैंड जो चम्मच और कलम पकड़ सकता है
एआई इंजीनियर और स्मार्टआन के सह-संस्थापक दीप परमार की टीम ने एआई आधारित ऐसा चश्मा तैयार किया है, जिसे पहनकर दृष्टिहीन व्यक्ति सामने रखी सामान्य किताब में लिखी पंक्तियां सुन सकता है। इसके जरिए गूगल पर पढ़ने और सर्च करने की सुविधा भी मिलती है। दृष्टिहीन लोग ब्रेल लिपि में लिखी कई किताबें भी पढ़ सकते हैं।
हैंड्सआन नाम के एक अन्य स्टार्टअप ने ऐसा स्मार्ट हैंड बनाया है, जो खाना खाने के लिए चम्मच पकड़ सकता है और लिखने के लिए कलम भी पकड़ सकता है। व्यापार महोत्सव में पहुंचे वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत का व्यापारी और उत्पादक देश की ताकत है। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव के माध्यम से यह साबित होता दिख रहा है और भारतीय उत्पाद दुनिया के बाजार में अपनी अमिट छाप छोड़ रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.