PM मोदी से परिवार के साथ मिले सूर्यकुमार यादव, बेटी रिद्धिमा को गोद में लेकर किया दुलार

HIGHLIGHTS
- पूर्व भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने परिवार के साथ पीएम मोदी से मुलाकात की।
- इस दौरान पत्नी देविशा और बेटी रिद्धिमा भी मौजूद रहीं।
- प्रधानमंत्री मोदी ने रिद्धिमा को गोद में लेकर दुलार किया।
भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उनकी पत्नी देविशा और बेटी रिद्धिमा भी उनके साथ थीं। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने सूर्यकुमार की बेटी रिद्धिमा को गोद में लेकर प्यार जताया। प्रधानमंत्री ने इस खास मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।
वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कैप्शन में लिखा, "दीपावली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दीपावली का वातावरण और भी पावन एवं दिव्य हो गया है।"
प्रधानमंत्री ने भजन भी सुना
यह मुलाकात प्रधानमंत्री आवास पर हुई, जहां परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने परिवार की एक बच्ची से भजन भी सुना। भजन सुनने के बाद पीएम मोदी काफी प्रसन्न नजर आए।
वहीं, सूर्यकुमार यादव फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना पिछला मुकाबला टी20 विश्व कप 2026 में खेला था। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था।
सूर्यकुमार की टीम में वापसी का रास्ता अब भी खुला
टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव से कप्तानी की जिम्मेदारी वापस ले ली गई और उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया। हालांकि, भारतीय टीम में उनकी वापसी की संभावनाएं अभी खत्म नहीं हुई हैं।
उस समय टीम से बाहर किए जाने की वजह उनका खराब फॉर्म बताया गया था। उन्हें घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने और फिर टीम में वापसी करने की सलाह दी गई थी।
सूर्यकुमार यादव ने भारत के लिए कितने मैच खेले?
सूर्यकुमार यादव ने अब तक भारतीय टीम के लिए एक टेस्ट, 37 वनडे और 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। टी20 में उनके नाम 36.36 की औसत और 162.95 के स्ट्राइक रेट से 3272 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 25 अर्धशतक और चार शतक लगाए हैं।
वनडे क्रिकेट में सूर्यकुमार ने 37 मैचों में 25.77 की औसत से 773 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, एक टेस्ट मैच में उनके नाम आठ रन हैं।
बतौर कप्तान कैसा रहा सूर्यकुमार का रिकॉर्ड?
सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टी20 टीम की कप्तानी 52 मुकाबलों में की। इनमें से टीम इंडिया ने 40 मैचों में जीत हासिल की, जबकि आठ मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा दो मैच टाई रहे और दो का कोई नतीजा नहीं निकला।
सूर्यकुमार ऐसे भारतीय कप्तान रहे हैं, जिनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं गंवाई। इसके अलावा उनकी कप्तानी में भारत किसी मल्टी टीम टूर्नामेंट में भी हार का सामना नहीं करना पड़ा। उन्हें टीम से बाहर किए जाने के फैसले से फैंस काफी नाराज हुए थे और उन्होंने इसका विरोध भी किया था।
कप्तान रहते हुए सूर्यकुमार ने कितने रन बनाए?
भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभालने के बाद सूर्यकुमार यादव का बल्ले से प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने कप्तान के तौर पर 52 मैचों की 49 पारियों में 28.65 की औसत और 154.96 के स्ट्राइक रेट से 1232 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और आठ अर्धशतक निकले।
भारतीय टी20 कप्तानों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने कप्तान रहते हुए 62 मैचों में 34.01 की औसत और 149.76 के स्ट्राइक रेट से 1905 रन बनाए। इस दौरान रोहित ने तीन शतक और 13 अर्धशतक लगाए।
इस सूची में दूसरे स्थान पर विराट कोहली हैं। उन्होंने 50 मैचों की 46 पारियों में 47.57 की औसत और 140.55 के स्ट्राइक रेट से 1570 रन बनाए। उनके नाम 13 अर्धशतक दर्ज हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.