नेशनल कॉन्फ्रेंस में फूट की अटकलों पर फारूक अब्दुल्ला का बड़ा बयान, बोले- पार्टी पूरी तरह एकजुट

HIGHLIGHTS
- फारूक अब्दुल्ला ने नेशनल कॉन्फ्रेंस में फूट की खबरों को खारिज किया।
- उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है।
- विधायकों ने अपनी शिकायतें मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पार्टी नेतृत्व के सामने रखी हैं।
गुपकर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में फारूक अब्दुल्ला ने बताया कि विधायकों ने अपनी शिकायतें पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सामने रखी हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
फारूक अब्दुल्ला ने विधायकों की शिकायतों को जायज बताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व उनसे बातचीत करेगा और उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाएगा।
नेकां में फूट की खबरों पर नजीर गुरेजी ने दी सफाई
इस बीच, गुरेज के विधायक नजीर अहमद खान, जिन्हें नजीर गुरेजी के नाम से भी जाना जाता है, ने भी पार्टी में विभाजन की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ विधायकों की बैठक को सोशल मीडिया पर बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया, जिसके बाद पार्टी में फूट की चर्चाएं शुरू हो गईं।
उन्होंने कहा, 'कुछ विधायक दूसरे दिन एक जगह बैठकर मिले थे, लेकिन इंटरनेट मीडिया पर इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। किसी ने भी पार्टी नहीं छोड़ी है।'
अनुच्छेद 370 और 35A की बहाली के लिए जारी रहेगा संघर्ष
नेशनल कॉन्फ्रेंस में किसी तरह के विभाजन की संभावना से इनकार करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पार्टी नेतृत्व विधायकों की शिकायतों का समाधान करने और संगठन की एकता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पार्टी के राजनीतिक एजेंडे पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने दोहराया कि अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35A की बहाली के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि विधायकों की ओर से उठाए गए मुद्दे जायज हैं और पार्टी जल्द ही इनका समाधान करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.