तमिल फिल्म प्रोड्यूसर के. राजन ने चेन्नई में की आत्महत्या, जांच जारी

तमिल फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ फिल्म निर्माता के. राजन ने रविवार को चेन्नई के अड्यार पुल से कूदकर कथित तौर पर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही अड्यार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
सूचना के बाद अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग को भी अलर्ट किया गया। सैदापेट फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को रोयापेट्टा सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया।
के. राजन तमिल सिनेमा के एक अनुभवी और बहुआयामी व्यक्तित्व माने जाते थे। उन्होंने प्रोड्यूसर, निर्देशक, लेखक और अभिनेता के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में लंबा योगदान दिया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1983 में फिल्म ‘ब्रह्मचारीगल’ के निर्माण से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘डबल्स’, ‘अवल पावम’ और ‘निनाइकोथा नालियाई’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया।
निर्देशन के क्षेत्र में उन्होंने 1991 में ‘निजालगल रवि’ और सरथकुमार की फिल्म ‘नम्मा ऊरु मरियम्मा’ से शुरुआत की थी। आगे चलकर उन्होंने 2005 में ‘अनारचिगल’ का निर्देशन भी किया। इसके अलावा उन्होंने ‘थंगमना थंगाची’ और ‘अनारचिगल’ जैसी फिल्मों की कहानी भी लिखी।
अभिनय के क्षेत्र में भी के. राजन सक्रिय रहे। उन्होंने ‘माइकल राज’, ‘सोंथाक्करन’, ‘वीटोडा मापिल्लई’, ‘पाम्बु सताई’, अजित कुमार की फिल्म ‘थुनिवु’ और सेल्वाराघवन की ‘बकासुरन’ जैसी फिल्मों में काम किया।
हालांकि, अपने करियर के दौरान वे कई बार विवादों में भी रहे। सार्वजनिक मंचों पर दिए गए बयानों और विभिन्न मुद्दों पर उनकी टिप्पणियों को लेकर वे चर्चा में रहे हैं।
फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.