अमेरिका में हुई थी दुर्घटना में मौत, अब परिवार को मिलेगा 262 करोड़ का मुआवजा

सिएटल: अमेरिकी शहर सिएटल प्रशासन ने भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला की मौत के मामले में एक बड़ा फैसला लिया है। जाह्नवी के परिवार को 2.9 करोड़ डॉलर (करीब 262 करोड़ रुपये) मुआवजे के तौर पर दिए जाने पर सहमति बनी है। 23 वर्षीय जाह्नवी की पिछले साल पुलिस गश्ती वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी, जिसने भारत और पूरी दुनिया में गहरा आक्रोश पैदा किया था।
हादसा कैसे हुआ
हादसा 23 जनवरी 2023 को हुआ था। आंध्र प्रदेश की रहने वाली जाह्नवी नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी (सिएटल कैंपस) में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही थीं। वह सड़क पार कर रही थीं जब पुलिस अधिकारी केविन डेव की गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। रिपोर्ट के अनुसार, जिस क्षेत्र में गति सीमा 40 किमी/घंटा थी, वहां डेव अपनी गाड़ी 119 किमी/घंटा की रफ्तार से चला रहे थे। बताया गया कि वे 'ड्रग ओवरडोज' की एक कॉल पर जा रहे थे।
भद्दे मजाक ने बढ़ाई नाराजगी
जाह्नवी की मौत के बाद विवाद तब और बढ़ गया जब अन्य पुलिस अधिकारी डैनियल ऑडरर का बॉडीकैम फुटेज सामने आया। वीडियो में ऑडरर हंसते हुए कहते नजर आए कि जाह्नवी की जान की कीमत केवल एक चेक भरने जितनी थी। इस असंवेदनशील टिप्पणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए और भारतीय अधिकारियों ने भी मामले की जांच की मांग की। ऑडरर को नौकरी से हटा दिया गया था, हालांकि उन्होंने अपनी बर्खास्तगी के खिलाफ मुकदमा दायर किया है।
आरोपी अधिकारी पर आपराधिक मामला नहीं
गंभीर लापरवाही के बावजूद, गाड़ी चलाने वाले अधिकारी केविन डेव पर कोई आपराधिक मुकदमा नहीं चला। किंग काउंटी अभियोजकों का कहना था कि यह साबित नहीं किया जा सका कि डेव ने जानबूझकर सुरक्षा की अनदेखी की। उन्हें केवल लापरवाही से गाड़ी चलाने के लिए 5,000 डॉलर (करीब 4 लाख रुपये) का जुर्माना भरने का निर्देश दिया गया।
समझौते पर प्रशासन की प्रतिक्रिया
सिएटल की सिटी अटॉर्नी एरिका इवांस ने कहा, "जाह्नवी कंडुला का जीवन महत्वपूर्ण था। यह उनके परिवार, दोस्तों और हमारे समुदाय के लिए मायने रखता है।" प्रशासन को उम्मीद है कि इस वित्तीय समझौते से परिवार को कुछ राहत मिलेगी। बताया गया कि राशि में से 2 करोड़ डॉलर शहर की बीमा कंपनी की ओर से भुगतान किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.