भोजशाला विवाद: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तय जगह पर हुई जुमे की नमाज

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद भोजशाला के पास तय स्थल पर जुमे की नमाज अदा की गई।
- बारिश के बीच प्रशासन ने तिरपाल, बैरिकेडिंग और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की।
- स्थल को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई, 5 अगस्त की अगली सुनवाई पर नजर।
इंदौर। धार जिले की ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर जारी विवाद में सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद शुक्रवार को नया घटनाक्रम सामने आया। प्रशासन और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के बीच गुरुवार देर रात हुई बैठक के बाद भोजशाला परिसर की पिछली बाउंड्रीवॉल से लगी खसरा नंबर 612 की जमीन पर जुमे की नमाज अदा करने पर सहमति बनी।
इसके बाद प्रशासन ने निर्धारित स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग भी कराई गई।
शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच मुस्लिम समाज के लोग नमाज के लिए तय स्थान पर पहुंचने लगे। बारिश के कारण जमीन गीली होने पर वहां तिरपाल बिछाई गई। शुरुआत में 10 से 15 लोग नमाज के लिए पहुंचे, लेकिन धीरे-धीरे संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो गई। कमाल मौलाना वेलफेयर सोसाइटी के सदर अब्दुल समद और याचिकाकर्ता भी नमाज अदा करने के लिए स्थल पर पहुंचे।
जगह को लेकर स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति
नमाज के लिए तय स्थल को लेकर स्थानीय हिंदू समाज के कुछ लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई है। भोजशाला के पीछे रहने वाले लोगों का कहना है कि यह जमीन निजी कृषि भूमि है और इसका स्वामित्व उनका है। उनका दावा है कि इस जमीन पर नमाज की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
5 अगस्त की सुनवाई पर रहेगी नजर
मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को अपने पक्ष में बताते हुए इसे महत्वपूर्ण बताया है। पक्ष के प्रतिनिधियों का कहना है कि अब उनकी नजर 5 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई पर है। उन्हें उम्मीद है कि न्यायालय की ओर से आगे भी सकारात्मक निर्णय आएगा।
बारिश के बीच प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भोजशाला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा। दोनों पक्षों के आने-जाने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गईं।
बारिश के कारण नमाज स्थल की जमीन गीली होने पर प्रशासन की ओर से तिरपाल की व्यवस्था कराई गई, ताकि नमाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती।
भोजशाला में जारी है नियमित पूजा
बता दें कि मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद भोजशाला परिसर में नियमित पूजा जारी है। वहीं, मस्जिद पक्ष पिछले कुछ समय से अपने घरों या स्थानीय मस्जिदों में नमाज अदा कर रहा था।
30 जुलाई को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम व्यवस्था के तहत भोजशाला परिसर के पास स्थित खसरा नंबर 596 की जमीन पर शुक्रवार दोपहर एक से तीन बजे के बीच नमाज पढ़ने की व्यवस्था तय की थी। इसके बाद प्रशासन और मस्जिद पक्ष के बीच हुई बैठक में उक्त स्थल पर नमाज अदा करने पर सहमति बनी थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.