यूपी: शराब दुकानों के समय बढ़ाने की मांग, आबकारी मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

यूपी: भीषण गर्मी के बीच शराब दुकानों के संचालन समय में बदलाव की मांग को लेकर बुधवार को शराब विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि बढ़ते तापमान के कारण दिन में ग्राहकों की संख्या कम हो रही है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में दुकानों का संचालन समय बढ़ाकर सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक किया जाए, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को सुविधा मिल सके।
एसोसिएशन के कार्य विभाग महामंत्री विकास मोहन श्रीवास्तव ने मंत्री को बताया कि मौजूदा समय व्यवस्था के चलते दुकानदारों को कई व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पहले की तरह बीयर सेवन के लिए परमिट रूम की व्यवस्था दोबारा लागू की जाए, जिससे ग्राहकों को नियंत्रित और व्यवस्थित सुविधा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि महानगर क्षेत्रों की देशी शराब दुकानों पर निर्धारित कोटा जरूरत से ज्यादा है। बिक्री कम होने के कारण बड़ी मात्रा में माल बच जाता है, जिससे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शराब कारोबारियों ने लॉटरी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि नई प्रणाली के कारण पुराने और अनुभवी कारोबारी धीरे-धीरे इस व्यवसाय से बाहर हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की।
मुलाकात के दौरान उपाध्यक्ष रमेश जायसवाल समेत शंकर लाल कनौजिया, विजय जायसवाल, देवेश जायसवाल, राजेश जायसवाल, पंकज जायसवाल, विपिन जायसवाल और शिवकुमार जायसवाल भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.