उत्तराखंड: रजत जयंती पर ग्लाइडर पायलटों का भव्य प्रदर्शन

उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर थानो के सिंधवाल गांव में एक भव्य एयरो शो और पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी स्ट्रेंथ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस रोमांचक आयोजन ने राज्य स्थापना के जश्न को और भी यादगार बना दिया।
प्रतियोगिता में देशभर के आठ राज्यों से आए 18 अनुभवी ग्लाइडर पायलटों ने हिस्सा लिया। आसमान में अपने अद्भुत करतबों के साथ पायलटों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दून के गौरव पंवार ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि टिहरी के जितेंद्र सिंह ने दूसरा और भीमताल के भारत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य की 25 साल की यात्रा में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से बनाए गए इस राज्य को प्रदेश और केंद्र सरकार मिलकर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में ग्लाइडरों ने 1300 मीटर की ऊँचाई से उड़ान भरी और लगभग 12 मिनट बाद मैदान में बने निर्दिष्ट गोल पर लैंडिंग की। सबसे सटीक लैंडिंग करने वाले पायलटों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। गौरांग राजपाल ने बताया कि प्रतियोगिता में पायलटों की सटीकता, नियंत्रण और हवा की दिशा के अनुसार लैंडिंग करने की क्षमता को मापा गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, वरिष्ठ नेता संपूर्ण सिंह रावत, विक्रम नेगी, मनीष यादव, चंद्रप्रकाश तिवाडी, गीतांजलि रावत और ललित जायवाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी स्ट्रेंथ प्रतियोगिता का उद्देश्य पायलटों की उड़ान नियंत्रण और सटीक लैंडिंग कौशल को परखना है। इसमें पायलट को हवा की दिशा और गति के अनुसार लक्षित क्षेत्र में उतरना होता है, जो इस खेल की सबसे बड़ी चुनौती मानी जाती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.