70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग पर पटना में बवाल, छात्रों पर वाटर कैनन के बाद लाठीचार्ज

HIGHLIGHTS
- 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन
- गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च के दौरान छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ी
- प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया
पटना। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया। गांधी मैदान से राजभवन की तरफ मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगी पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर लाठीचार्ज किया गया, जिसके बाद छात्रों को पीछे हटाया गया। लाठीचार्ज के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है।
वाटर कैनन के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
पुलिस की तैनाती के बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र जेपी गोलंबर पर लगी बैरिकेडिंग पार कर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए। यहां छात्रों और CRPF जवानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार के बीच प्रदर्शन कर रहे एक छात्र के सिर में चोट लगने की बात सामने आई, जबकि एक छात्रा के बेहोश होने की भी सूचना है।
प्रदर्शन के दौरान बारिश और वाटर कैनन की बौछार के बावजूद छात्र मौके पर डटे रहे। कुछ छात्रों को पूरी तरह भीगने के बाद शैंपू लगाकर नहाते हुए भी देखा गया। छात्र अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस बैरिकेडिंग और सुरक्षा बलों के जरिए उन्हें रोक रही है।
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े प्रदर्शनकारी
गांधी मैदान से मार्च शुरू करने के बाद छात्रों का जत्था राजभवन की ओर बढ़ा। रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ गए। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
DSP ने कहा- आगे बढ़ने पर पुलिस रोकेगी
DSP कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे तो पुलिस उन्हें रोक देगी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छात्रों की बातचीत सकारात्मक रही है और उम्मीद है कि छात्र उनकी बात मानेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों ने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने कई मुद्दे रखे हैं और बातचीत का परिणाम सकारात्मक रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि प्रदर्शन में शामिल लोगों की संख्या कम होगी और छात्र सहमत हो जाएंगे। अगर ऐसा नहीं होता है तो उन्हें वहीं रोक दिया जाएगा और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
TRE-4 में सिंगल स्टेज परीक्षा और नेगेटिव मार्किंग खत्म करने की मांग
प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस नेता सुशील कुमार ने कहा कि छात्रों की मांग सिर्फ 70वीं BPSC परीक्षा तक सीमित नहीं है। छात्र TRE-4.0 में बदलाव के साथ BPSC, बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) और सब-इंस्पेक्टर भर्ती से जुड़े मामलों का भी समाधान चाहते हैं। उन्होंने कहा कि TRE-4.0 की परीक्षा हर हाल में सिंगल स्टेज में होनी चाहिए और नेगेटिव मार्किंग समाप्त की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि सरकार की ओर से इन मुद्दों पर अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है।
सुशील कुमार ने मुख्यमंत्री से छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्र पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के लिए कोई तैयार नहीं है। उनके मुताबिक, अगर सरकार ने समय रहते छात्रों से बातचीत की होती तो मौजूदा स्थिति पैदा नहीं होती।
70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने पर अड़े छात्र
बिहार में छात्र 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में अनियमितताएं हुई हैं और पेपर लीक से जुड़े मामले सामने आए हैं। आंदोलन TRE-4 की प्रस्तावित परीक्षा प्रक्रिया के खिलाफ भी जारी है। छात्रों को TRE-4 की परीक्षा राज्य में दो चरणों में कराने के प्रस्ताव पर आपत्ति है। वे TRE-4 का आधिकारिक विज्ञापन जारी करने के साथ परीक्षा प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने डिप्टी CM को लिखा पत्र
इस बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने BPSC विवाद को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। उन्होंने सरकार से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों को नजरअंदाज न करने और उनके साथ सकारात्मक बातचीत कर जल्द समाधान निकालने की अपील की। तेजस्वी यादव ने TRE-4 की परीक्षा एक ही चरण में कराने की मांग भी की। साथ ही BPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में हिंदी भाषी अभ्यर्थियों के साथ कथित भेदभाव को तत्काल समाप्त करने की मांग की।
सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग
तेजस्वी यादव ने सब-इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, BSSC और BPSC समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने पिछली परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराने और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और भर्ती माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
लंबित परीक्षाओं की तारीखें समयबद्ध तरीके से जारी करने की मांग
तेजस्वी यादव ने सरकार से सभी लंबित परीक्षाओं का समयबद्ध परीक्षा कैलेंडर जल्द जारी करने की मांग की। इनमें BSSC इंटरमीडिएट, CGL, ASO, BSO, लाइब्रेरियन और अकाउंटेंट भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोकने का प्रयास कर रही है, जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.