10 लाख के विवाद में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, अस्पताल में भर्ती

सहारनपुर: खुशहालीपुर में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले युवक अंकुश सैनी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती दौर में परिजनों ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
अंकुश की मां मेशो देवी का कहना है कि सोमवार को पैसों के लेन-देन को लेकर बादशाहपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने उसे गांव बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसके बेटे के साथ मारपीट की और करीब चार घंटे तक उसे बंधक बनाए रखा। परिजनों ने यह भी दावा किया कि अंकुश पर दबाव बनाकर कुछ कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए।
इस घटना से आहत होकर उसने जहर खा लिया। परिजनों के आरोप सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिससे मामला और चर्चा में आ गया है।
वहीं, पुलिस जांच में कहानी का दूसरा पहलू सामने आया है। सीओ बेहट प्रिया यादव के अनुसार, जांच में पता चला है कि अंकुश ने वीर सिंह नामक व्यक्ति से एक जमीन का सौदा कर करीब 10 लाख रुपये लिए थे। सौदा पूरा न होने पर वीर सिंह लगातार पैसे की वापसी की मांग कर रहा था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से लिखित समझौता भी हो चुका था।
पुलिस का कहना है कि इसी आर्थिक विवाद और मानसिक दबाव के चलते युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने उसे समय रहते अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.