हवाई यात्रा महंगी: एअर इंडिया ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते जेट फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसका असर अब एयर ट्रैवल पर भी दिखने लगा है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का ऐलान किया है। इससे पहले एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी ने देशवासियों की जेब पर असर डाला था। अब घरेलू गैस के बाद हवाई यात्रा भी महंगी होने वाली है।
फ्यूल सरचार्ज कितने का होगा?
एयरलाइन की घोषणा के मुताबिक 12 मार्च से घरेलू उड़ानों के हर टिकट पर 399 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगेगा। यह राशि सार्क देशों की उड़ानों पर भी लागू होगी। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी सरचार्ज बढ़ाया गया है। पश्चिम एशिया के लिए प्रति टिकट 10 डॉलर अतिरिक्त लिया जाएगा, जबकि अफ्रीका की उड़ानों पर यह शुल्क 30 डॉलर बढ़ाकर 90 डॉलर कर दिया गया है। दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए अब 60 डॉलर का सरचार्ज लगेगा, जो पहले 20 डॉलर था।
लागू होने की तारीख
ये बदलाव 12 मार्च से प्रभावी होंगे। इसके अलावा सिंगापुर रूट पर भी अब फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। एयर इंडिया ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक घटनाओं के कारण जेट फ्यूल की कीमतों में अचानक वृद्धि हुई है। इसी वजह से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज को चरणबद्ध तरीके से लागू करने का फैसला लिया गया है।
देशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की कमी
पश्चिम एशिया के संघर्ष का असर भारत में रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ने लगा है। दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में होटल और रेस्तरां के लिए इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की भारी कमी देखी जा रही है।
उद्योग संगठन चेतावनी दे रहे हैं कि अगर आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो अगले 1-2 दिनों में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बंगलूरू और कोलकाता के कई होटल और रेस्तरां बंद हो सकते हैं। मुंबई के अलावा पुणे, औरंगाबाद, नागपुर, तमिलनाडु, केरल, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के शहरों में भी इसी तरह की समस्या सामने आई है।
होटल और रेस्तरां पर असर
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के अध्यक्ष सागर दरयानी के अनुसार कई रेस्तरां पहले ही सीमित मेन्यू या अलग समय पर संचालन करने पर विचार कर रहे हैं। अधिकांश रेस्तरां के पास केवल 1-2 दिन के सिलिंडर का स्टॉक बचा है। अगर समय पर नई आपूर्ति नहीं मिली तो उन्हें अस्थायी रूप से बंद होना पड़ेगा।
मुंबई की स्थिति गंभीर
मुंबई में कमर्शियल गैस की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। उद्योग के सूत्रों का कहना है कि हालात सामान्य नहीं हुए तो मुंबई के लगभग 50 प्रतिशत होटल और रेस्तरां बंद हो सकते हैं। फिलहाल छोटे होटल सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
मेन्यू में बदलाव
पुडुचेरी के कुछ होटल अब कम गैस वाले खाने का मेन्यू पेश कर रहे हैं। एक होटल मालिक ने बताया कि खाड़ी में संघर्ष के कारण सिलिंडर की आपूर्ति कम हो रही है। इसलिए उन्होंने गैस बचाने के लिए सुबह और शाम के कुछ समय में ही कुछ विशेष आइटम ही परोसने का निर्णय लिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.