बेंगलुरु में बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से मचा हड़कंप, जांच में निकली खाली ट्यूब

HIGHLIGHTS
- संदिग्ध वस्तु शनिवार को सोनेहल्ली सर्कल के पास खाली प्लॉट में मिली थी।
- सूचना मिलने पर बम निरोधक दस्ते को तुरंत घटनास्थल पर बुलाया गया।
- जांच में वस्तु के अंदर कोई बैटरी या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
बेंगलुरु। शहर के सोनेहल्ली सर्कल के पास शनिवार को बम होने की सूचना से अफरातफरी फैल गई। यहां फुटपाथ से सटे एक खाली प्लॉट में संदिग्ध वस्तु मिली, जिसे देखकर लोगों ने बम होने की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को मौके पर भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संदिग्ध वस्तु मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। यह घटना ज्ञानभारती पुलिस थाना क्षेत्र की है।
बम जैसी दिख रही थी संदिग्ध वस्तु
स्थानीय लोगों ने बताया कि वहां मिली वस्तु देखने में बम जैसी लग रही थी। इसी आशंका के चलते उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची BDDS टीम ने जांच की तो पता चला कि उससे किसी तरह का खतरा नहीं था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, वह प्लास्टिक की खाली ट्यूब जैसी संरचना थी, जो देखने में बम जैसी प्रतीत हो रही थी। जांच के बाद टीम ने उसे नष्ट कर दिया।
पुलिस कमिश्नर ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही। उन्होंने बताया कि जांच में संदिग्ध वस्तु सामान्य निकली और उसमें बैटरी जैसी कोई चीज नहीं लगी थी। उन्होंने आशंका जताई कि संभव है इसका इस्तेमाल किसी खदान में किया गया हो।
लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की आशंका
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम डिवीजन) एस. के. सौम्यालता ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि इस घटना के जरिए लोगों में डर फैलाने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि संदिग्ध वस्तु को नष्ट कर दिया गया है और अब उससे कोई खतरा नहीं है। जांच में वह खाली पाई गई थी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि संदिग्ध वस्तु वहां किसने रखी थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.