बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड नंबर-1 को हराया, फाइनल में पहुंचे

निंगबो (चीन): भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर कर दिया है। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने वर्ल्ड नंबर-1 कुनलावुत वितिदसरन को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
चीन के निंगबो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में आयुष ने शुरुआती गेम हारने के बाद जोरदार वापसी की। उन्होंने यह मैच 10-21, 21-19, 21-17 से अपने नाम किया। करीब 75 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी ने दबाव के क्षणों में बेहतरीन संयम और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
दोनों खिलाड़ियों की यह दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले आर्कटिक ओपन में कुनलावुत ने सीधे गेम में जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार आयुष ने हार का बदला चुकाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। पहले गेम में पिछड़ने के बावजूद उनकी वापसी ने उनकी मजबूत मानसिक क्षमता को भी दर्शाया।
इस जीत के साथ आयुष शेट्टी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले भारत के दूसरे पुरुष एकल खिलाड़ी बन गए हैं। गौरतलब है कि भारत को इस प्रतियोगिता में आखिरी बार 1965 में दिनेश खन्ना ने स्वर्ण पदक दिलाया था। वहीं 2018 में एचएस प्रणय ने कांस्य पदक जीता था। अब आयुष ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है, जबकि उनकी नजर स्वर्ण पदक पर टिकी है।
वर्ल्ड रैंकिंग में 25वें स्थान पर मौजूद आयुष का यह सफर बेहद प्रभावशाली रहा है। क्वार्टरफाइनल में उन्होंने वर्ल्ड नंबर-4 जोनाथन क्रिस्टी को 23-21, 21-17 से हराकर सबको चौंकाया था। इससे पहले उन्होंने चीनी ताइपे के चिन यू जेन और चीन के ली शी फेंग जैसे शीर्ष खिलाड़ियों को भी मात दी थी।
अब फाइनल में उनका मुकाबला चाऊ तियेन चेन और शी यूकी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
वहीं, टूर्नामेंट में अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन अपेक्षानुसार नहीं रहा। पीवी सिंधू दूसरे दौर में और लक्ष्य सेन पहले ही राउंड में बाहर हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.