बारामती एयरपोर्ट पर प्रशिक्षण विमान हादसे का शिकार, रनवे से फिसला

HIGHLIGHTS
- हादसा रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ
- विमान रनवे 29 के अंतिम हिस्से से आगे निकल गया
- विमान में कैप्टन और कैडेट सवार थे
महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारामती हवाई पट्टी के पास रविवार को एक निजी कंपनी का प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दुर्घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुणे के एसपी ने हादसे के बारे में क्या बताया?
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान बारामती हवाई पट्टी पर एक विमान (वीटी-एसईएक्स) रनवे से बाहर निकल गया। विमान में कैप्टन चिराग शशिकांत डोइफोडे और कैडेट अभिजीत जुंद्रे सवार थे। दोनों विमान के चक्कर लगाने और आपात स्थिति में लैंडिंग का अभ्यास कर रहे थे।
एसपी के मुताबिक, अभ्यास के दौरान विमान पूरी तरह रुक नहीं सका। वह रनवे 29 के अंतिम हिस्से से आगे निकल गया और पक्की सतह से बाहर चला गया। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
सात महीने पहले भी हुआ था विमान हादसा
महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की इसी तरह की दुर्घटना में मौत के करीब सात महीने बाद बारामती में एक और विमान हादसा हुआ है।
जनवरी में बारामती हवाईअड्डे के पास हुए विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हुई थी। विमान में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अजित पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी और सहायक के अलावा दो कॉकपिट क्रू सदस्य सवार थे। इनमें पायलट-इन-कमांड सुमित कपूर और फर्स्ट ऑफिसर शांभवी पाठक शामिल थे। उनका लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी को दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
विमान हादसे की जांच कर रहा विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अगले साल जनवरी तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप सकता है।
पहले भी हुआ था प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त
इससे पहले 13 मई को भी एक निजी कंपनी का दूसरा प्रशिक्षण विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी। विमान में केवल प्रशिक्षु पायलट सवार था, जो दुर्घटना के बाद सुरक्षित बच गया था। यह हादसा बारामती हवाई पट्टी से सटे गोजुबावी गांव के पास हुआ था। लैंडिंग से ठीक पहले विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया था।
एक अधिकारी ने बताया था कि चश्मदीदों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान उसमें तकनीकी खराबी आ गई। क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान का एक हिस्सा कथित तौर पर बिजली के खंभे से टकराया और इसके बाद वह जमीन से जा टकराया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.