बड़ौत हत्याकांड: सोशल मीडिया पर जातीय टिप्पणियां, 150 से अधिक आईडी पुलिस रडार पर

बागपत। बड़ौत में व्यापारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास अग्रवाल की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मामले से जुड़े भड़काऊ और जातीय टिप्पणियों वाले पोस्टों की निगरानी करते हुए पुलिस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की 150 से अधिक आईडी चिन्हित की हैं।
पुलिस के अनुसार, दोहरे हत्याकांड के आरोपी हिस्ट्रीशीटर वरुण की मौत के बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर विवादित और जातीय टिप्पणियां पोस्ट करनी शुरू कर दीं। इन पोस्टों के जरिए घटना को अलग दिशा देने और सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने की कोशिश की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने एक सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए किरठल निवासी वसीम को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य संदिग्ध अकाउंट संचालकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बड़ौत बस अड्डे पर पुरानी रंजिश के चलते टेंट व्यवसायी सोहनलाल अग्रवाल और उनके पुत्र विकास अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद भाग रहे आरोपी वरुण को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था। भीड़ द्वारा की गई पिटाई और गोली लगने के कारण उसकी भी मौत हो गई थी।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर दो पक्षों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने आरोपी और उसके परिवार के समर्थन में पोस्ट कीं, जबकि अन्य ने मृतक व्यापारियों के पक्ष में टिप्पणियां कीं। इसी दौरान कई पोस्टों में जातीय संदर्भों का इस्तेमाल किया गया, जिससे तनाव की स्थिति बनने लगी।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि बागपत के अलावा मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों से भी बड़ी संख्या में सोशल मीडिया अकाउंट इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए गए हैं।
घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने व्यापारी परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की थी। वहीं, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने नेताओं को भी निशाना बनाते हुए जातीय टिप्पणियां कीं, जबकि कुछ ने आरोपी पक्ष के समर्थन में अभियान चलाने की कोशिश की।
बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और जातीय टिप्पणियां करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.