2017 से पहले त्योहारों पर होते थे उपद्रव, अब सुरक्षित माहौल में मन रहे पर्व: सीएम योगी

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया।
- सीएम ने प्रदेश में सुरक्षा के माहौल और बदलती छवि का जिक्र किया।
- बरेली जोन के 5,100 ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा का कार्यक्रम।
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बदल चुका है और बरेली इसकी सबसे बड़ी मिसाल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले त्योहारों के दौरान यहां उपद्रव की घटनाएं होती थीं, जबकि अब लोग सुरक्षित वातावरण में पर्व मना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर गांव में हजारों लोग शारदीय नवरात्र के दौरान देवी मां की मूर्तियों के साथ जुड़े हैं। लोग बिना किसी डर के घरों से बाहर निकल रहे हैं और सुरक्षित माहौल में देवी मां के दर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर होने से देश और दुनिया में प्रदेश की छवि बदली है। पहले कुछ लोगों की गलतियों का खामियाजा प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को भुगतना पड़ता था। युवाओं और व्यापारियों को पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश को लेकर कोई सवाल नहीं उठाता। दूसरे राज्य भी यूपी जैसा बनने की इच्छा रखते हैं।
सुरक्षा और स्वावलंबन के नए दौर की शुरुआत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुरक्षा के बेहतर माहौल से सभी को फायदा मिला है। प्रदेश में सड़कें बन रही हैं और निवेश आ रहा है, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के भीतर यह भरोसा पैदा हुआ है कि वे सुरक्षित हैं और उन्हें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। मुख्यमंत्री ने सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को मौजूदा माहौल का आधार बताया।
मुख्यमंत्री मंगलवार को बरेली दौरे पर पहुंचे। वह सुबह करीब 11:20 बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन मैदान पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह कार्यक्रम के मंच पर पहुंचे। उनके साथ अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजीपी राजीव कृष्ण भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों के योगदान पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया।
मंच पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, वन मंत्री अरुण कुमार, कैबिनेट मंत्री एवं राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार और मेयर उमेश गौतम समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम को सबसे पहले डीजीपी राजीव कृष्ण ने संबोधित किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में ग्राम प्रहरियों की भूमिका की सराहना की।
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने सपा पर साधा निशाना
कैबिनेट मंत्री और नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह ने क्षेत्रीय बोली में संबोधन किया। इस दौरान उन्होंने पीडीए को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए इसकी नई व्याख्या की।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि पी का मतलब है कि वर्ष 2017 में पहली बार भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ आई। डी का अर्थ है कि दूसरी बार भी इसी पीडीए ने सरकार बनाई। वहीं, ए का मतलब है कि वर्ष 2027 में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय बढ़ाने की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन मैदान में बरेली जोन के 5,100 ग्राम प्रहरियों यानी चौकीदारों के बीच उनका मासिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये करने की घोषणा करेंगे। इससे प्रदेश के 70 हजार चौकीदारों को लाभ मिलेगा। इस संबंध में शासनादेश सोमवार को ही जारी कर दिया गया था।
इसके बाद मुख्यमंत्री बरेली क्लब मैदान में शिक्षकों की जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके जरिए वह रुहेलखंड से विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी करेंगे।
कार्यक्रम में बरेली और मुरादाबाद रेंज के नौ जिलों से 5,100 चौकीदारों को बुलाया गया है। उनके आने-जाने और भोजन समेत अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन ने संभाली है। बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी और एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
सर्किट हाउस में करीब एक घंटे विश्राम करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर दो बजे बरेली क्लब में आयोजित जनसभा में पहुंचेंगे। यहां वह शिक्षक एमएलसी सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार सहित अन्य मंत्री और विधायक भी मौजूद रहेंगे। दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचकर हेलिकॉप्टर से लखनऊ रवाना होंगे।
जनसभा में सात हजार लाभार्थियों के पहुंचने का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में विभिन्न सरकारी योजनाओं के सात हजार लाभार्थियों के शामिल होने का दावा किया गया है। प्रशासन ने इसके लिए 140 बसों की व्यवस्था की है।
डीपीआरओ कमल किशोर के अनुसार, लाभार्थियों को ब्लॉक स्तर से बसों के माध्यम से जनसभा स्थल तक लाया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं शामिल हो सकती हैं।
शहर में चार सेफ हाउस तैयार
आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल के अलावा जिला अस्पताल, मिशन अस्पताल और गंगाचरण अस्पताल में सेफ हाउस बनाए गए हैं। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि अधिकारियों को चिकित्सा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम के दौरान किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर मौके पर ही उपचार की व्यवस्था की गई है। सरकारी एंबुलेंस भी मुख्यमंत्री के काफिले के साथ रहेंगी।
सुरक्षा में 2,100 पुलिसकर्मियों की तैनाती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 2,100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके लिए जोन के नौ जिलों से पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। साथ ही पीएसी की पांच कंपनियां भी लगाई गई हैं।
उपलब्ध कराए गए सुरक्षा बल के विवरण के मुताबिक, ड्यूटी में 10 एएसपी, 20 सीओ, 50 इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी, 180 उपनिरीक्षक, 1,500 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल और 200 महिला कांस्टेबल शामिल हैं।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 22 ट्रैफिक उपनिरीक्षक और 120 ट्रैफिक हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल भी तैनात किए गए हैं।
एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के संबंध में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.