कुबेरेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार खड़े ट्रक से टकराई, 3 की मौत; 9 घायल
By Hitesh — August 22, 2026

HIGHLIGHTS
- कार में सवार सभी लोग नागपुर के पास बूटीबोरी क्षेत्र के रहने वाले थे
- श्रद्धालु सीहोर के कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे
- मृतकों में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया शामिल
Author: — Dainik Dehat
भोपाल। बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुलताई के पास शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक सहित नौ लोग घायल हुए हैं।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बूटीबोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले श्रद्धालु थे। सभी लोग एमएच 49 सी 4756 नंबर की कार से सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और कार सीधे उसके पीछे जा टकराई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पति-पत्नी समेत तीन की मौत
हादसे में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की पहचान हो गई है। तीसरी मृत महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेज दिया है।
9 घायल, 6 को नागपुर रेफर किया गया
हादसे की जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए छह घायलों को नागपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों में नैतिक पिता उपेंद्र गांधीवार (10), उज्ज्वला पति मोहन (45), नीता पिता अनिल (25), अनुष्का पिता उपेंद्र (18), संगीता एकनाथ, शंभु, नंदन, प्रज्ज्वल पिता दीपक और सौरभ पिता नंदकिशोर (20) शामिल हैं।
टक्कर से कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। टक्कर के बाद कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया था। आगे की सीट पीछे की ओर खिसक गई थी, जबकि कार की छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.