इटावा में यूट्यूबर अश्वी यादव पर केस, 1.75 करोड़ वसूली और 5 करोड़ की रंगदारी का आरोप

HIGHLIGHTS
- भरथना थाने में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया।
- शिकायत में 1.75 करोड़ रुपये से अधिक लेने का आरोप लगाया गया है।
- झिंदुआ पुल के पास पांच करोड़ रुपये मांगने की भी शिकायत है।
इटावा। यूट्यूबर अश्वी उर्फ शिवांगी यादव समेत पांच नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर 1.75 करोड़ रुपये वसूलने और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीजेएम प्रथम के आदेश पर भरथना थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर रकम लेने का आरोप
जसवंतनगर के गुलाबबाड़ी निवासी आशुतोष उर्फ टोनू यादव ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि अश्वी यादव उर्फ शिवांगी यादव, नीतू सिंह यादव, शिवम यादव, गीतांजलि जादौन और अभिषेक यादव ने निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी दी। आरोप के मुताबिक, अप्रैल 2024 से मई 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों और नकद माध्यम से करीब 1 करोड़ 75 लाख 68 हजार 683 रुपये लिए गए।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि 15 नवंबर 2025 को 58 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई थी। इसके बाद अभिषेक यादव ने 50 लाख रुपये और मांगे। मांग पूरी नहीं करने पर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
झिंदुआ पुल के पास कार रोककर पांच करोड़ मांगने का आरोप
प्रार्थना पत्र के अनुसार, तीन सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे भरथना क्षेत्र में झिंदुआ पुल के पास बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो नकाबपोश लोगों ने आशुतोष यादव की कार रोक ली। आरोप है कि उन्होंने पांच करोड़ रुपये की मांग करते हुए धमकी दी।
पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस सहायता लेने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित मौके से भाग गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की और फिर न्यायालय का रुख किया।
न्यायालय के आदेश पर भरथना थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जाएगी।
फायरिंग के मुकदमे में बाल अपचारी गिरफ्तार
दूसरी ओर, यूट्यूबर अश्वी यादव की ओर से थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में जिला पंचायत सदस्य सोनू यादव, उनके भाई टोनू यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ घर में घुसकर धमकी देने, मारपीट और फायरिंग के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने मंगलवार को एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पकड़ा गया आरोपित थाना क्षेत्र के यदुवंश नगर का निवासी है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे फायरिंग के वीडियो के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर कार्रवाई की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.